बीकानेर में एक दिन की हल्की बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम फिर शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में दिनभर धूप रहने पर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। अगले कुछ दिनों तक भी मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।
गुरुवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन पिछले 24 घंटे में 10 मिमी से भी कम वर्षा दर्ज की गई। ग्रामीण इलाकों में भी कहीं उल्लेखनीय बारिश नहीं हुई। शुक्रवार सुबह बादल छाए रहे, हालांकि फिलहाल बारिश की संभावना नहीं बताई गई है।
हल्की बारिश के बावजूद बीकानेर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के ताजा अलर्ट में केवल जयपुर और दौसा जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। बीकानेर संभाग के किसी भी जिले के लिए कोई बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले बीकानेर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद केवल हल्की बारिश ही दर्ज हुई।











