
बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी बीकानेर देहात की ओर से आगामी निकाय चुनावों को लेकर जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया की अध्यक्षता में चुनाव प्रबंधन समिति की घोषणा की गई तथा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बीकानेर संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच ने कहा कि आगामी निकाय चुनाव संगठन की कार्यक्षमता और कार्यकर्ताओं की मेहनत की परीक्षा हैं। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर पार्टी की रीति-नीति, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, अनुशासन और समन्वय के बल पर भाजपा नोखा, श्रीडूंगरगढ़, नापासर, खाजूवाला, लूणकरणसर एवं देशनोक नगर पालिका चुनावों में विजय का परचम फहराएगी।
जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि 9 सितम्बर को होने वाले निकाय चुनावों को देखते हुए चुनाव संचालन, चुनाव कार्यालय, संवाद केंद्र, प्रोटोकॉल, प्रशासनिक कार्य, प्रचार सामग्री, घोषणा पत्र, प्रवास एवं सभाएं, बूथ प्रबंधन, मीडिया, सोशल मीडिया, महिला, युवा, ओबीसी, एससी-एसटी संपर्क सहित विभिन्न विभागों के लिए प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति करते हुए चुनाव प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। समिति चुनाव संबंधी सभी गतिविधियों का समन्वय कर संगठन को मजबूत आधार प्रदान करेगी।













