विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान के तहत 26 अगस्त 2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, बीकानेर मंडल की अध्यक्षा दीप्ति गोविल के नेतृत्व में महिला संगठन द्वारा संचालित स्कूल, लालगढ़ -परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई करवाने के साथ 50 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरा-भरा बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर दीप्ति गोविल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।














