Bikaner Live

रोटरी रॉयल्स के दो दिन खास: ‘प्रतिष्ठा’ में पब्लिक इमेज पर मंथन, रात को पाटे पर सजेगी काव्य महफिल


26 सितंबर को मेगा ऑक्शन, 27 को ‘प्रतिष्ठा’ और ‘जन मन काव्य यात्रा’; 15 से 21 अक्टूबर तक होगा रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग का मुकाबला

बीकानेर। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के तीन बड़े आयोजनों का सिलसिला 26 सितंबर से शुरू होगा। पहले दिन होटल मिलेनियम, संपत पैलेस के पीछे, गंगाशहर रोड पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग के खिलाड़ियों का मेगा ऑक्शन होगा। अगले दिन 27 सितंबर को सुबह से शाम तक रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3053 का पब्लिक इमेज सेमिनार ‘प्रतिष्ठा-सेवा से पहचान’ होगा। इसी दिन रात 7 बजे आचार्यों के चौक के पारंपरिक पाटे पर ‘जन मन काव्य यात्रा’ का पहला काव्य सम्मेलन सजेगा। इसके बाद हर माह शहर के एक मोहल्ले में इस काव्य यात्रा की नई कड़ी आयोजित की जाएगी।

‘प्रतिष्ठा’ में ब्रांडिंग से एआई तक, दो तकनीकी सत्र और प्रैक्टिकल वर्कशॉप

सह प्रांतपाल एवं मीडिया प्रभारी आनंद आचार्य ने बताया कि रोटरी रॉयल्स की मेजबानी में 27 सितंबर को जयपुर-जोधपुर बाइपास स्थित रिद्धि सिद्धि रिसोर्ट में होने वाला प्रांतीय पब्लिक इमेज सेमिनार ‘प्रतिष्ठा’ इन आयोजनों का प्रमुख हिस्सा होगा। इसमें रोटरी के सेवा कार्यों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, क्लबों की सार्वजनिक छवि मजबूत करने और मीडिया के बदलते स्वरूप के बेहतर उपयोग पर मंथन होगा। ब्रांडिंग, मीडिया, सोशल मीडिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे विषयों पर विशेषज्ञ रोटेरियन्स को व्यावहारिक जानकारी देंगे।

क्लब अध्यक्ष इंजीनियर विपिन लड्ढा ने जानकारी देते हुए कहा कि सुबह 8:30 बजे नाश्ता एवं पंजीयन के बाद सुबह 10 बजे उद्घाटन सत्र शुरू होगा। प्रांतपाल सीए बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन, सेवा आश्रम के विद्यार्थियों की कृष्ण वंदना, फोर-वे टेस्ट और अतिथियों के स्वागत के साथ सेमिनार की शुरुआत होगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को केवल वक्ताओं के संबोधन तक सीमित न रखकर प्रतिभागियों की सीधी भागीदारी से जोड़ा गया है।

कॉन्फ्रेंस चेयरमैन डॉ. मनोज कूड़ी ने बताया कि पहले तकनीकी सत्र में पीडीजी पवन खंडेलवाल ‘विजिबिलिटी लीड्स टू सक्सेस’ पर अपनी बात रखेंगे। बीकाजी ग्रुप के सीएमडी दीपक अग्रवाल ‘बिल्डिंग ए ब्रांड’ विषय पर अनुभव साझा करेंगे। डॉ. चक्रवर्ती नारायण श्रीमाली ‘द मिरर एंड द मैसेज : शेपिंग रोटरीज पब्लिक इमेज’ विषय पर मार्गदर्शन देंगे, जबकि कॉरपोरेट ट्रेनर अभय रंजन कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उसके उपयोग को लेकर विशेष सत्र लेंगे।

क्रिकेट प्रभारी देवेन्द्र तंवर ने बताया कि दूसरे तकनीकी सत्र में ‘हाउ टू बिल्ड ए स्ट्रॉन्ग पब्लिक इमेज’ विषय पर डीएलएफ पीडीजी राजकुमार भूटोरिया और डीआरएफसी पीडीजी हरीश गौड़ के संयोजन में चर्चा होगी। इसमें आरसी अलवर के नील जैन, आरसी जोधपुर के शरद पटवर्धन और आरसी भिवाड़ी के नीरज झालानी पैनलिस्ट होंगे। इसके बाद ‘एक्सपैंडिंग रीच थ्रू इम्पैक्टफुल विजिबिलिटी’ विषय पर पीडीजी संजय मालवीय और डीजीएन मनीष तापड़िया के संयोजन में सत्र होगा। कर्मा राम काला, मनोज डाबला और शीला सांखला इसमें पैनलिस्ट रहेंगे।

उपाध्यक्ष हेमंत असोपा ने जानकारी देते हुए कहा कि सेमिनार में 30 मिनट की प्रैक्टिकल वर्कशॉप खास रहेगी। प्रतिभागियों को चार समूहों में बांटकर डांडिया नाइट की ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति, क्लब के वोकेशनल प्रोजेक्ट की प्रस्तुति, किसी सेवा प्रोजेक्ट की प्रभावी प्रेस रिलीज और सोशल मीडिया पोस्ट तैयार करने का अभ्यास कराया जाएगा। प्रेसीडेंट ग्रुप का संयोजन पीडीजी प्रीयेश भंडारी, सेक्रेटरी ग्रुप का पीडीजी डॉ. निशा शेखावत, असिस्टेंट गवर्नर्स ग्रुप का पीडीजी राजेश चूरा और जनरल ग्रुप का पीडीजी अनिल बेनीवाल करेंगे।

क्लब सचिव जगदीप सिंह ओबेरॉय ने बताया कि समापन सत्र में ओपन हाउस होगा। इसके बाद प्रांतपाल सीए बृजमोहन अग्रवाल का समापन उद्बोधन होगा और क्लब अध्यक्ष इंजीनियर विपिन लड्ढा धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। कॉन्फ्रेंस चेयरमैन डॉ. मनोज कूड़ी, को-चेयरमैन सुनील चामड़िया, सह प्रांतपाल आनंद आचार्य, कोषाध्यक्ष राजेश खत्री और पब्लिक इमेज डायरेक्टर पीयूष शृंगारी सहित क्लब सदस्यों को अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है।

26 को खिलाड़ियों की बोली, 15 से 21 अक्टूबर तक मैदान में भिड़ेंगी 12 टीमें

पूर्व सह प्रांतपाल राजेश बावेजा ने जानकारी देते हुए कहा कि रोटरी रॉयल्स का दूसरा बड़ा आयोजन ‘रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग’ होगा। इसके खिलाड़ियों का मेगा ऑक्शन 26 सितंबर को होटल मिलेनियम, संपत पैलेस के पीछे, गंगाशहर रोड पर होगा। इससे पहले इसी स्थान पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में पब्लिक इमेज सेमिनार, क्रिकेट लीग और जन मन काव्य यात्रा की पूरी रूपरेखा साझा की जाएगी। ऑक्शन में टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन होगा, जबकि लीग के मुकाबले 15 से 21 अक्टूबर तक सार्दुल क्लब क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे।

क्रिकेट प्रभारी देवेन्द्र तंवर ने बताया कि आईपीएल की तर्ज पर होने वाली लीग में 12 टीमें उतरेंगी। इनमें आदित्य कैपिटल, जय भैरवनाथ क्रिकेट क्लब, हर्ष दक्ष सुपरस्टार, नाइट आउट, राय स्ट्राइकर्स, सिप वाला नाइट राइडर्स, एनएलजेसीएफ वॉरियर्स, करणी क्रिकेट क्लब, राधे राधे रॉयल्स, होप 11, भव्य रॉयल्स और रोटरी मिडटाउन शामिल हैं। प्रत्येक टीम में एक आइकॉन खिलाड़ी, एक कप्तान और ऑक्शन से चुने गए खिलाड़ी होंगे। आइकॉन खिलाड़ी को छोड़कर अन्य खिलाड़ियों का बीकानेर जिले का निवासी होना जरूरी होगा।

देवेन्द्र तंवर ने बताया कि लीग मुकाबले 10-10 ओवर के होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल 15-15 ओवर के खेले जाएंगे। विजेता को 1 लाख 11 हजार 111 रुपए और उपविजेता को 55 हजार 555 रुपए की नकद पुरस्कार राशि मिलेगी। बेहतर बल्लेबाजी, गेंदबाजी, सर्वाधिक चौके-छक्के सहित व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी पुरस्कार रखे गए हैं।

27 की रात पाटा बनेगा मंच, आचार्यों के चौक से निकलेगी ‘जन मन काव्य यात्रा’

सह प्रांतपाल आनंद आचार्य ने बताया कि 27 सितंबर को दिनभर ‘प्रतिष्ठा’ के बाद रात 7 बजे आचार्यों के चौक में ‘जन मन काव्य यात्रा’ का पहला काव्य सम्मेलन होगा। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स और पब्लिक रिलेशंस एंड एलाइड सर्विसेज एसोसिएशन ऑफ राजस्थान ‘प्रसार’ ने बीकानेर की पुरानी मोहल्ला काव्य परंपरा को फिर पाटों तक लाने के लिए यह शृंखला शुरू की है। पहले आयोजन में मोहल्ले का पारंपरिक पाटा ही मंच बनेगा। भिवाड़ी, चंबल, जोधपुर, नसीराबाद और अलवर सहित प्रदेश के 9 शहरों से आने वाले रोटेरियन भी इस काव्य परंपरा के साक्षी बनेंगे।

क्लब अध्यक्ष इंजीनियर विपिन लड्ढा ने जानकारी देते हुए कहा कि आचार्यों के चौक का आयोजन किसी एक दिन का कवि सम्मेलन नहीं, बल्कि सालभर चलने वाली यात्रा की पहली कड़ी है। इसके बाद हर माह बीकानेर के एक अलग मोहल्ले में काव्य सम्मेलन होगा। सितंबर से अगले वर्ष अगस्त तक अलग-अलग मोहल्लों के पाटों को मंच बनाया जाएगा। हर कड़ी संबंधित क्षेत्र के किसी दिवंगत कवि को समर्पित होगी। स्थापित रचनाकारों के साथ नई प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा।

कॉन्फ्रेंस चेयरमैन एवं क्लब के चार्टर अध्यक्ष डॉ. मनोज कूड़ी ने बताया कि बीकानेर में चौक और पाटे कभी साहित्यिक संवाद के जीवंत केंद्र रहे हैं। शहर के कई कवियों ने इसी परंपरा से आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। जन मन काव्य यात्रा का मकसद इसी परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। हर माह होने वाले आयोजन में संबंधित मोहल्ले के मौजीज व्यक्ति को अध्यक्षता दी जाएगी, जिससे उस मोहल्ले की सामाजिक और साहित्यिक भागीदारी भी बनी रहे।

क्लब सचिव जगदीप सिंह ओबेरॉय ने बताया कि जन मन काव्य यात्रा के पोस्टर का विमोचन स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेंद्र बाबू दुबे ने किया। इस दौरान सहयोगी संस्था के प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र जोशी, प्रसार अध्यक्ष डॉ. हरि शंकर आचार्य, क्लब अध्यक्ष इंजीनियर विपिन लड्ढा, रोटेरियन डॉ. विजय शंकर आचार्य, रोटेरियन एस.के. व्यास और सहायक निदेशक जनसंपर्क भाग्यश्री गोदारा सहित अन्य मौजूद रहे।

तीन आयोजनों की तैयारियों में जुटी टीम

पूर्व सह प्रांतपाल राजेश बावेजा ने जानकारी देते हुए कहा कि तीनों आयोजनों के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पब्लिक इमेज सेमिनार में सेवा कार्यों की बेहतर प्रस्तुति और आधुनिक संचार माध्यमों के इस्तेमाल पर फोकस रहेगा। रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग खेल और फेलोशिप का मंच बनेगी, जबकि जन मन काव्य यात्रा के जरिए शहर की चौक-पाटा आधारित साहित्यिक परंपरा को हर माह नए मोहल्ले तक ले जाया जाएगा। आयोजनों को अंतिम रूप देने में सह प्रांतपाल एवं मीडिया प्रभारी आनंद आचार्य, अध्यक्ष इंजीनियर विपिन लड्ढा, कॉन्फ्रेंस चेयरमैन डॉ. मनोज कूड़ी, क्रिकेट प्रभारी देवेन्द्र तंवर, उपाध्यक्ष हेमंत असोपा, सचिव जगदीप सिंह ओबेरॉय, पूर्व सह प्रांतपाल राजेश बावेजा, सुनील चामड़िया, मदन सिंह, सूर्य प्रकाश, सुरेंद्र जोशी, विनय बिस्सा, कोषाध्यक्ष राजेश खत्री, ऋषि धामू, डॉ. संदीप खरे, डॉ. अशोक डांगी, डॉ. शिशिर शर्मा, विकास पारीक, पंकज पारीक, पीयूष शृंगारी, गोपाल अग्रवाल, भुवनेश स्वामी, विशाल गौड़, मनोज सोलंकी, सुरेश पारीक, शरद कालरा, राजीव अग्रवाल, डॉ. पुनीत खत्री और डॉ. राकेश माथुर सहित रोटेरियन्स जुटे हैं।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!