बीकानेर। शहर के नया शहर थाना क्षेत्र में निजी संपत्ति पर लगे एक बड़े होर्डिंग को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फाड़कर क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। व्यास पार्क के सामने लगे करीब 16×10 के होर्डिंग को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे होर्डिंग मालिक को आर्थिक क्षति हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर मौके पर पहुंचे और होर्डिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिसकी फुटेज पीड़ित पक्ष के पास उपलब्ध बताई जा रही है।
घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने नया शहर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब पुलिस के सामने CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है। देखना होगा कि नया शहर थाना पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है।
स्थानीय लोगों ने भी निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली ऐसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।















