बीकानेर। बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष पद के निर्वाचन वर्ष 2026-27 को लेकर चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित द्वारा मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। वहीं, निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए तीन सदस्यीय निर्वाचन समिति का गठन किया गया है।
गठित निर्वाचन समिति में एडवोकेट दामोदर लाल शर्मा, एडवोकेट योगेन्द्र कुमार पुरोहित तथा एडवोकेट विजय पाल सिंह शेखावत को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।
निर्वाचन समिति ने समस्त अधिवक्ताओं से प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन करने की अपील की है। समिति के अनुसार, यदि किसी अधिवक्ता के नाम में संशोधन या सूची में किसी प्रकार की त्रुटि को लेकर आपत्ति है, तो वह 28 नवंबर 2026 तक लिखित में निर्वाचन समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है।
समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार करना संभव नहीं होगा। ऐसे में सभी अधिवक्ताओं से समय रहते मतदाता सूची की जांच कर आवश्यक संशोधन एवं आपत्तियां दर्ज करवाने का आग्रह किया गया है।
निर्वाचन समिति का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को नियमानुसार, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाना है। मतदाता सूची जारी होने के साथ ही बार एसोसिएशन के आगामी अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।










