Bikaner Live

जिले भर के स्कूलों में विद्यार्थियों ने अभिभावकों से भरवाए मतदान के संकल्प पत्र


बीकानेर, 11 सितंबर। जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों के लगभग डेढ़ लाख विद्यार्थियों ने सोमवार को अपने अभिभावकों से मतदान में भागीदारी के संकल्प पत्र भरवाए। इसके लिए विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों को मतदान के महत्व के बारे में बताया और संकल्प पत्र भरवाने के उद्देश्यों के बारे में चर्चा की। यह संकल्प पत्र सभी ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से स्कूलों से विद्यार्थियों तक पहुंचाए गए। संकल्प पत्र में विद्यार्थी की ओर से जहां एक तरफ शिक्षा का अवसर देने के लिए अपने अभिभावकों के प्रति कृतज्ञता जताई गई। वहीं विद्यार्थियों ने परिजनों से मतदान दिवस पर मतदान करने की अपील की गई। इस संकल्प पत्र में विद्यार्थी से परिवार के कुल सदस्य संख्या, नाम, एपिक नंबर और हस्ताक्षर भी करवाए जा रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह संकल्प पत्र भरवाए गए हैं। इसके लिए प्रत्येक सीबीईओ को पंद्रह-पंद्रह हजार संकल्प पत्र उपलब्ध करवाए गए। उन्होंने बताया कि भरे जाने के बाद यह संकल्प पत्र संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी के माध्यम से जिला निर्वाचन कार्यालय में संकलित किए जाएंगे। वर्ष 2018 की स्वीप कार्य योजना के तहत भी राज्य के स्कूलों में विद्यार्थियों के माध्यम से संकल्प पत्र भरवाए गए। इसके सार्थक परिणाम सामने आए। इसे ध्यान रखते हुए एक बार फिर यह संकल्प पत्र भरवाए गए हैं। समूची कार्यवाही के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह भाटी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!