
स्कूल शिक्षा सचिव के निर्देश पर मिला मॉडल प्रदर्शन का मौका
अस्वस्थता के कारण चित्तौड़गढ़ नहीं पहुंचने के बावजूद मिला विज्ञान मेले में शरीक होने का अवसर
जयपुर/ बीकानेर, 28 सितंबर। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की संवेदनशीलता के कारण गुरुवार को बीकानेर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (बधिर) के पांच प्रतिभावान छात्रों मनीष, श्यामलाल, सुरेंद्र सिंह, कालूराम और नंदलाल को चित्तौड़गढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी में अपने मॉडल के ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण का मौका मिला। इस मेले में स्वास्थ्य संबंधी कारण से इन विद्यार्थियों के भाग ना ले सकने की जानकारी जब स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव श्री नवीन जैन तक पहुंची तो उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए विभागीय अधिकारियों को आपस में समन्वय करते हुए ऑनलाइन मोड पर इन छात्रों का प्रस्तुतीकरण देखते हुए विज्ञान मेले में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्कूल के प्रिंसिपल एवं स्टाफ ने बीकानेर में शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों के साथ मिलकर चित्तौड़गढ़ के संयुक्त निदेशक तथा आरएससीईआरटी, उदयपुर के संयुक्त निदेशक सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के सहयोग से राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में ऑनलाइन मोड पर इन विद्यार्थियों के मॉडल प्रदर्शन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की।













