
बीकानेर, 23 नवंबर। मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत गुरुवार को नुक्कड़ नाटक एवं कठपुतली शो के माध्यम से मतदान की अपील की गई।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा स्वीप प्रभारी नित्या के. ने बताया कि राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगाशहर के पास चौक में और सोफिया स्कूल क्षेत्र में कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों से जुड़े मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। जागरूकता कला जत्थे से जुड़े कलाकारों ने लोकगीतों की धुनों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी। कलाकारों ने कठपुतली शो के माध्यम से आपसी संवाद के दौरान निर्वाचन आयोग के वोटर हेल्पलाइन ऐप, टोल फ्री नंबर 1950, सी-विजिल ऐप एवं चुनाव नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर आदि के बारे में बताया। इस दौरान आमजन ने कई तरह की जिज्ञासाएं रखी।स्वीप टीम सदस्यों ने इनका समाधान किया। इस दौरान मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र के अभाव में मतदान दिवस पर वैकल्पिक तौर पर लिए जाने वाले अन्य 12 दस्तावेजों के बारे में भी जानकारी दी गई।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी नित्या के. ने बताया कि गत विधानसभा में 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले जिले के समस्त क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक एवं कठपुतली शो के माध्यम से जागरूक करने के प्रयास किए गए। यह अभियान 16 नवंबर से हुआ। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के संदेश के साथ आदर्श आचार संहिता के बारे में भी बताया गया।
——















