
बीकानेर। ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्पलाइज एसोसिएशन बीकानेर मंडल के आह्वान पर अनुसूचित जाति/जनजाति के कर्मचारियों को प्रताडि़त करने एवं रेल प्रशासन द्वारा रेलवे बोर्ड की नीतियों की पालना नहीं करने पर एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन सोमवार, 6 मई को डीआरएम कार्यालय के मुख्य द्वार पर सुबह दस बजे से दिया जाएगा।
मंडल सचिव मोहनलाल बुनकर ने यह जानकारी मीडिया को दी। इस अवसर पर मंडल कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार, लीगल एडवाईजर मुकेश कुमार चौहान, मंडल के कार्यालय सचिव पुरखाराम व शाखा सचिव राजेंद्र सिंह सहित अनेक मौजूद थे। मंडल सचिव मोहनलाल बुनकर ने बताया कि जिन मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा उन मुख्य मांगों में एसएसई/सीएण्डडबल्यू श्रीगंगानगर कृष्णलाल,एसएसई/सीएण्डडबल्यू चूरु खिलाड़ी राम मीना, एसएसई/सीएण्डडबल्यू लालगढ़ राम सिंह मीना का स्थानांतरण रद्द करने, वरिष्ठ लिपिक बीकानेर सुरेश चंद बैरवा का पदस्थापन आदेशों को रद्द कर पुन: चुरू लगाए जाने, कर्मचारियों के स्थानांतरण में नेम नोटिंग नियमों की पालना करने तथा प्रशासनिक आधार पर अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारियों का स्थानांतरण कर हरेशमेंट नहीं करने, जिस स्टेशन पर 50 या अधिक रेलवे आवास उपलब्ध है, उसमें एससी/एसटी कर्मचारियों के लिए टाईप-1, टाईप-2 में दस प्रतिशत तथा टाईप-तीन व टाईप-4 में 5 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था तुरंत प्रभाव से लागू करने, बीकानेर मंडल के उप मंडलों, यूनिटों में अनुसूचित जाति/जनजाति के कर्मचारियों की प्रथम नियुक्ति/पदौन्नति स्थानांतरण के मामलों में मुख्यालय द्वारा 27 फरवरी 2014 के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने, ट्रैक मैन्टैनर प्रथम व द्वितीय जो ट्रॉलीमैन का कार्य कर रहे हैं, उनको ट्रालीमैन के पद से हटाकर गैंग में लगाने, मंत्रालयिक संवर्ग में एससी/एसटी का शोर्टफाल उपलब्ध है जिसे अनुसूचित जाति/जनजाति के चिकित्सा विकोटीकृत कर्मचारियों से भरना शामिल है। उन्होंने बताया कि इन मदों का निपटान प्रशासन द्वारा नहीं किए जाने पर मजबूर होकर एसोसिएशन द्वारा 6 मई को मांग दिवस (डिमांड डे) के तौर पर रेल प्रशासन के खिलाफ एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है जिसकी समस्त जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।
















