Bikaner Live

‘वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान’:  महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
ढाई हजार दीपदान कर दिया जल संरक्षण का संदेश
soni



बीकानेर, 5 जून। ‘वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत  महिला अधिकारिता तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को जूनागढ़ से कलश यात्रा निकाली गई। साथ ही सूरसागर पर महिलाओं ने 2500 दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान के अंतर्गत दीपोत्सव मनाया। 

अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रमेश देव ने कलश यात्रा को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने महिलाओं को जल स्रोतों की सफाई रखने सहित तालाब, बावड़ी जैसी परंपरागत जलाशयों को संरक्षित करने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं ने कलश यात्रा निकाल व दीपदान करके क्षेत्र वासियों को जल बचाओ, पर्यावरण बचाओ का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री सुभाष बिश्नोई ने आमजन को जल का महत्व बताते हुए जल को व्यर्थ ना बहाने और इसके सदुपयोग के लिए जागरूक किया।

महिलाओं ने लोकगीत गाते हुए दीप प्रज्वलित किए। कार्यक्रम का संचालन जिला परिषद के आईईसी काॅर्डिनेटर गोपाल जोशी ने किया।

कार्यक्रम में श्रीमती सुमन छाजेड़, बाल विकास परियोजना अधिकारी (शहर) श्री शक्ति सिंह कच्छावा, बाल विकास परियोजना अधिकारी (ग्रामीण) श्री नवरंग लाल मेघवाल, महिला अधिकारिक विभाग की प्रचेता श्रीमती विजयलक्ष्मी जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!