Bikaner Live

उदयरामसर में दादा गुरुदेव की भक्ति संगीत के साथ पूजा, बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने निभाई भागीदारी

बीकानेर, 07 सितम्बर। जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ के गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर म.सा., मुनि मंथन प्रभ सागर व मीत प्रभ सागर, साध्वीश्री दीपमाला, शंखनिधि श्रीजी के सान्निध्य में रविवार को उदयरामसर की दादा गुरुदेव जिन दत्त सूरि की दादा बाड़ी में मंत्र जाप, गुरु इकतीसा का पाठ व संगीतमय बड़ी पूजा व प्रसाद का आयोजन हुआ।

श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा ने बताया कि श्रावक-श्राविकाएं रविवार सुबह से ही पैदल व विभिन्न वाहनो में दादाबाड़ी पहुंचने लगे। मंदिर में दर्शनार्थियों की कतार लगी थी। दोपहर बाद मेला परवान पर हो गया। करीब 7-8 हजार श्रावक-श्राविकाओं ने साधार्मिक भक्ति के तहत प्रसाद ग्रहण किया। बीकानेर पूर्व की विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, भाजपा नेता मोहन सुराणा सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों, जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ, तपागच्छ, पार्श्वचन्द्र गच्छ, साधुमार्गी जैन संघ, तेरापंथ, शांत क्रांत संघ तथा दिगम्बर जैन समाज के साधार्मिक श्रावक-श्राविकाओं ने हिस्सा लिया। बीकानेर, गंगाशहर, भीनासर, उदासर, देशनोक, नोखा, पांचू, लूणकरनसर के साथ सूरत, मुंबई व दिल्ली आदि स्थानों के प्रवासी श्रद्धालुओं ने दादाबाड़ी में दर्शन किए।
नाहटा ने बताया कि भक्ति संगीत कार्यक्रम में गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर, मुनि मंथन प्रभ सागर व बाल मुनि मीत प्रभ सागर, विचक्षण महिला मंडल, वरिष्ठ गायक सुनील पारख, अरिहंत नाहटा, मोहित गोलछा ने श्लोक, दोहे विभिन्न तर्जों, राग माड, सोरठा, कलिंगड़ा, आसावरी, कल्याण, ठुमरी, श्रीराग व धनश्री राग में भक्ति गीतों के साथ गुरुदेव की न्हवण, केशर, पुष्प, धूप, दीप, अक्षत, नैवेद्य, फल, वस्त्र, इत्र पूजा, अर्घ पूजा की और दादा गुरुदेव के इकतीसा के सामूहिक पाठ के साथ मंगलदीप व आरती की गई। श्रद्धालुओं ने दादाबाड़ी के परमात्मा के मंदिर में हुए सामूहिक स्नात्र पूजा में भी भागीदारी निभाई।
मेले के दौरान श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास की ओर से वृद्ध श्रावक-श्राविकाओं के लिए ई-रिक्शे की निशुल्क सेवाएं उपलब्ध करवाई गई। इसके अलावा पेयजल, विश्राम व सुगमता से दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की । मेले के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में जैन संगठनों व पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा। इस अवसर पर श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के पूर्व अध्यक्ष निर्मल धारिवाल, वरिष्ठ श्रावक राजेन्द्र लूणिया, अखिल भारतीय खरतरगच्छ युवा व महिला परिषद के प्रतिनिधि व सदस्यों व युवा जैन समाज के कार्यकर्ताओं व श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के पदाधिकारियों व सदस्याओं ने सेवाएं दी।

Picture of दिलीप गुप्ता

दिलीप गुप्ता

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!