
रतनगढ़ | भ्रूणहत्या एवं गर्भपात जैसे पाशविक एवं महापापकृत्य को रोकने हेतु हमें जन जागरण कार्यक्रमों के द्वारा समाज की रूढिवादी सोच एवं स्वार्थपूर्ण मानसिकता को बदलना होगा, यह उद्गार गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर तिवाड़ी ने रविवार को अपने एक दिवसीय रतनगढ़ प्रवास के अन्तर्गत, स्थानीय पेंशनर समाज के विश्राम भवन में आयोजित विचार गोष्ठी में व्यक्त किए |
उन्होंने कहा कि यदि इस महापाप को रोकने हेतु सार्थक प्रयास नहीं हुए तो हमारे राष्ट्र एवं समाज को घोर दुष्परिणाम भुगतने होंगे |
समिति की स्थानीय शाखा के अध्यक्ष ओमप्रकाश इन्दोरिया ने सभी आगन्तुक महानुभावों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि आगामी दिनों में शिक्षण संस्थाओं में सेमिनार एवं धार्मिक कथा- सत्संग के कार्यक्रमों में
वक्ताओं के माध्यम से एवं पत्रक बाँट कर इस सम्बन्ध में जन जागरण को गतिमान किया जाएगा | मन्त्री श्री महेश जोशी ने जन जागरण हेतु समस्त कार्यकारिणी सदस्यों एवं अन्य नागरिकों को विभिन्न दायित्व सौंपे और राष्ट्रीय अध्यक्ष को यह विश्वास दिलाया कि आगामी दिनों में हम लोग समिति के उद्देश्यों के अनुरूप अनेक कार्यक्रम आयोजित करेंगे |
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों– सर्वश्री नन्दकुमार माटोलिया, शंकरलाल सीमार, जगदीश सीमार, राजेन्द्रभारद्वाज, रामदेव शर्मा, पीरूमल प्रजापत आदि ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समिति के कार्यक्रमों में अपने सहयोग का आश्वासन दिया | स्थानीय पेन्शनर समाज के अध्यक्ष सत्यनारायण सेवदा ने अपने आशीर्वचन के साथ सभी आगन्तुक महानुभावों के प्रति आभार व्यक्त किया |














