
कर्मचारी राज्य बीमा के लिए प्रोत्साहन योजना स्प्री (SPREE) 2025 लागू की गई है।
जिसके बारे में कर्मचारी राज्य बीमा निगम, बीकानेर के शाखा प्रबंधक प्रवीण शर्मा ने गुरुवार को नगरपालिका मंडल, श्रीडूंगरगढ़ के अधिकारियों से मिलकर जानकारी प्रदान की।
प्रवीण शर्मा ने बताया कि यह योजना अभी तक किसी भी कारण से अपंजीकृत नियोक्ताओं और सभी पात्र कर्मचारियों को क.रा.बी. निगम के साथ पंजीकरण नहीं करवाने वाले नियोक्ताओं को स्व पंजीकरण हेतु प्रोत्साहित करने के लिए निगम द्वारा शुरू की गई एक विशेष पहल है जो कि 01 जुलाई 2025 से 31 दिसम्बर 2025 अवधि के लिए है। इसका विशेष लाभ 10 या उससे अधिक कर्मचारियों वाले कारखानो, स्थापनाओं (नगरपालिका/नगर निगमों के संविदा व अनियमित मज़दूर कर्मचारियों सहित) के नियोक्ताओं को मिलेगा। स्प्री योजना का उद्देश्य क.रा.बी. अधिनियम के तहत सामाजिक सुरक्षा व्याप्ति का विस्तार करना है वो भी पिछली अवधि के लिए किसी भी अंशदान, जुर्माना, अभिलेखो के निरीक्षण और कानूनी कार्रवाई के बिना। पंजीकरण वैबसाइट www.esic.gov.in, https://registration.shramsuvidha.gov.in/user/register, www.mca.gov.in के माध्यम से किया जा सकता है। साथ ही क.रा.बी. योजना के हितलाभों की जानकारी भी प्रदान की गई।














