Bikaner Live

टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर में जागरूकता कार्यक्रमसीएमएचओ डॉ. पुखराज साध ने बच्चों से की टीबी उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील
soni

टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर में जागरूकता कार्यक्रम
सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध ने बच्चों से की टीबी उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील

बीकानेर/गजनेर, 20 जनवरी। टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के अंतर्गत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, गजनेर (कोलायत ब्लॉक) में टीबी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए नारा लेखन एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए टीबी जागरूकता से संबंधित रचनात्मक संदेश प्रस्तुत किए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीकानेर डॉ. पुखराज साध ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयी बच्चे समाज के सबसे प्रभावी संदेशवाहक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे टीबी के लक्षणों, समय पर जांच एवं उपचार की जानकारी अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाकर टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय योगदान दें।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सी.एस. मोदी तथा कार्यक्रम समन्वयक एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के टीबी परामर्शदाता (बीकानेर ज़ोन) डॉ. सुधांश खत्री ने विद्यार्थियों को टीबी के लक्षण, समय पर पहचान, उपचार की उपलब्धता, चिकित्सक से संपर्क की आवश्यकता तथा टीबी से जुड़े सामाजिक कलंक व भ्रांतियों को समाप्त करने के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कोलायत डॉ. सुनील जैन द्वारा विद्यार्थियों को “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में बीसीएमओ खाजूवाला डॉ. मुकेश मीणा, पीसीपीएनडीटी समन्वयक महेंद्र सिंह चारण तथा सीएचसी गजनेर प्रभारी डॉ. दुर्गा टॉक की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन एसटीएस, कोलायत लक्ष्मीकांत छंगाणी एवं एसटीएलएस राजेश रांगा द्वारा किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया गया टीबी उन्मूलन का सशक्त संदेश
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया, जिसमें ग्राम सभा के माध्यम से जनभागीदारी को दर्शाते हुए सरपंच, चिकित्सा अधिकारी, एएनएम, आशा, नर्स, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एसडीएम, टीबी सुपरवाइज़र, स्वयं सहायता समूह, पंचायत सचिव, टीबी चैंपियन एवं पत्रकार की भूमिका को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय को टीबी उन्मूलन के लिए सकारात्मक एवं प्रेरणादायक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य श्री इलियास खान, उप-प्राचार्य श्री गौरव गुप्ता एवं विद्यालय की समस्त टीम द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।

Picture of Prakash Samsukha

Prakash Samsukha

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!