जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) ने जानकारी
बीकानेर। पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में CEIR पोर्टल पर दर्ज मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतों के आधार पर अब तक कुल 170 गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में मोबाइल गुम होने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। इनमें अधिकांश शिकायतें बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों, मजदूरों एवं खेती-किसानी से जुड़े लोगों की थीं। कई फरियादियों ने किस्तों पर मोबाइल फोन खरीदे थे, जिससे मोबाइल गुम होने पर उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। फरियादियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए साइबर सैल एवं समस्त पुलिस थानों द्वारा लगातार कार्रवाई कर गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर द्वारा समय-समय पर CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों की पालना में श्रीमान हेमन्त शर्मा (आईपीएस), महानिरीक्षक पुलिस रेंज बीकानेर तथा जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड (आरपीएस) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री बनवारी लाल मीणा (आरपीएस) को जिले में गुमशुदा मोबाइलों को ट्रेस करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निकट सुपरविजन में जिले के समस्त पुलिस थानों एवं साइबर सैल की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों से प्राप्त तकनीकी सूचनाओं एवं CEIR पोर्टल के डाटा के आधार पर न केवल राजस्थान बल्कि मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तरप्रदेश, हरियाणा सहित देश के अन्य राज्यों से भी गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
बरामद किए गए मोबाइलों में साइबर सैल कार्यालय से 60, पुलिस थाना नयाशहर से 21, श्रीडूंगरगढ़ से 9, नोखा से 8, साइबर थाना से 6, कोलायत से 6, खाजूवाला से 5, जामसर से 5, जेएनवीसी से 5, कोतवाली से 4, बीछवाल से 3, नाल से 3, देशनोक से 2, एमपी नगर से 2, पुगल से 1 सहित अन्य थानों से मोबाइल बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल जब उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए तो फरियादियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री कावेन्द्र सिंह सागर ने स्वयं फरियादियों को मोबाइल सौंपते हुए उन्हें साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी और सतर्क रहने की अपील की।
बीकानेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तुरंत दूरसंचार विभाग के ऑनलाइन पोर्टल ceir.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। वहीं, किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन फ्रॉड होने पर cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें या हेल्पलाइन नंबर 1930, जिला बीकानेर के हेल्पलाइन नंबर 7877045498 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई कर सहायता प्रदान की जा सके।




























