
श्री बजरंग धोरा धाम में 66वें पाटोत्सव पर रामचरितमानस अखंड पाठ का शुभारंभ
बीकानेर।
पूगल रोड स्थित श्री बजरंग धोरा धाम में मंदिर के 66वें पाटोत्सव (स्थापना दिवस) के पावन अवसर पर शुक्रवार को धार्मिक अनुष्ठानों एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रामचरितमानस अखंड पाठ का विधिवत शुभारंभ किया गया। अखंड पाठ सायं 4:15 बजे मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ हुआ।
पाटोत्सव के अवसर पर परंपरागत रूप से बाबा जी के मंदिर के चारों ओर दूध की धारा से परिक्रमा करते हुए विशेष आरती की गई, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
मंदिर के पुजारी आशीष दाधीच ने बताया कि रामचरितमानस का यह अखंड पाठ पंडित श्रवण व्यास एंड पार्टी द्वारा संपन्न कराया जा रहा है, जो निरंतर 24 घंटे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि पाटोत्सव के अंतर्गत धार्मिक परंपराओं के अनुरूप विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पाटोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया। इस दौरान पंडित बृजमोहन दाधीच द्वारा बजरंग बली का विधिवत अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें पीले वस्त्रों से बाबा को सुशोभित किया गया।



























