Bikaner Live

बुजुर्ग, महिलाएं एवं दिव्यांगजन बाबा के दर्शन में होगी सुविधा लिफ्ट स्थापना हेतु भूमि पूजन संपन्न
soni

बुजुर्ग, महिलाएं एवं दिव्यांगजन बाबा के दर्शन में होगी सुविधा लिफ्ट स्थापना हेतु भूमि पूजन संपन्न

बीकानेर खाटू श्याम मंदिर बीकानेर में लिफ्ट स्थापना हेतु भूमि पूजन सम्पन्न, तीन माह में सेवा प्रारंभ करने का लक्ष्य
बीकानेर। शहर के प्रमुख आस्था केंद्र श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट स्थापना कार्य के लिए आज विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भक्ति और उत्साह का विशेष वातावरण रहा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरिष्ठ पंडित दिनेश शास्त्री ने विधिवत पूजन कर लिफ्ट निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
इस पावन अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंदिर के संस्थापक स्वर्गीय श्री जगन्नाथ जिंदल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके द्वारा स्थापित सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि खाटू श्याम मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। विशेषकर बुजुर्ग, महिलाएं एवं दिव्यांगजन को सीढ़ियों से आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में लिफ्ट लगाने का निर्णय लिया गया है, जिससे सभी श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के बाबा श्याम के दर्शन कर सकेंगे।
लिफ्ट स्थापना की जिम्मेदारी सुभाष मित्तल बृजमोहन जिंदल को सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी तीन माह के भीतर लिफ्ट का कार्य पूर्ण कर इसे भक्तों को समर्पित कर दिया जाएगा। मंदिर सहयोग में विशेष रूप से मोहनलाल जी राठी, गोविंद राम, श्रीमती संतोष सोनी एवं अशोक पारीक द्वारा महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।
ट्रस्ट सदस्यों ने बताया कि मंदिर परिसर के विकास और सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके। भूमि पूजन कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए ट्रस्ट को शुभकामनाएं दीं और बाबा श्याम से प्रार्थना की कि यह कार्य निर्विघ्न एवं शीघ्र पूर्ण हो।
खाटू श्याम मंदिर में लिफ्ट स्थापना का यह कदम भक्तों की सुविधा और मंदिर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल माना जा रहा है।

Picture of Prakash Samsukha

Prakash Samsukha

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!