
बीकानेर। मेडिकल कॉलेज में समायोजन प्रक्रिया के बाद अधिशेष घोषित किए गए नर्सिंग ऑफिसरों को न्याय मिलने पर प्रतिनिधि मंडल ने संभागीय आयुक्त से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। नर्सिंग कर्मियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में समायोजन के पश्चात वे अधिशेष की श्रेणी में आ गए थे, जिससे उनके भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी।
प्रतिनिधियों के अनुसार संभागीय आयुक्त एवं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए निविदा 210 नर्सिंग ऑफिसर भर्ती में अधिशेष नर्सिंग ऑफिसरों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। साथ ही पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने का आश्वासन दिया गया, जिससे कार्मिकों में विश्वास और संतोष का माहौल बना।
नर्सिंग ऑफिसरों ने कहा कि इस निर्णय से न केवल उन्हें रोजगार सुरक्षा मिली है, बल्कि लंबे समय से चल रही अनिश्चितता भी समाप्त हुई है। उन्होंने प्रशासन का धन्यवाद देते हुए कहा कि पारदर्शी एवं न्यायपूर्ण प्रक्रिया से योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा और चिकित्सा सेवाएं भी मजबूत होंगी।
शिष्टमंडल में रईसुदीन राठौड़, विजयश्री, कविता, योगेश, अभिषेक आचार्य, अल्ताफ एवं मेघराज सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय आयुक्त का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
























