
बीकानेर। आमली एकादशी के पावन अवसर पर जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का भव्य संगम देखने को मिला। इस विशेष दिन बाबा श्याम का अलौकिक एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
दिल्ली से विशेष रूप से मंगवाए गए फाग उत्सव के पचरंगी फूलों से बाबा को सजाया गया। लाल, पीले, गुलाबी, सफेद और हरे पुष्पों की मनभावन सजावट से पूरा दरबार दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। जैसे ही पट खुले, “हारे के सहारे, श्याम हमारे” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और भक्तों ने भावपूर्ण नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित चेतन शर्मा एवं किशन शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन एवं श्रृंगार संपन्न कराया। बाबा के दर्शनों के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। आमली एकादशी और आगामी फागोत्सव के संयुक्त प्रभाव से मंदिर में भक्तों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।
दूर-दराज क्षेत्रों से आए अनेक श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए बाबा के दरबार में धोक लगाने पहुंचे। लंबी निशान यात्राओं के साथ भक्तों ने बाबा के चरणों में हाजिरी लगाई। आस्था और विश्वास से ओत-प्रोत भक्तों के चेहरों पर भक्ति की अनूठी झलक दिखाई दे रही थी।
इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष के.के. शर्मा, सदस्य ओम जिंदल, सुरेश अग्रवाल एवं बृजमोहन जिंदल उपस्थित रहे। उन्होंने आगामी विशेष फाग उत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने पर विचार-विमर्श किया। मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, वहीं पूरा परिसर रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित कर दिया गया है, जिससे वातावरण और भी भव्य हो उठा है।
विशेष आकर्षण छोटे-छोटे बच्चों की पीतांबर वेशभूषा रही। सजे-धजे बाल भक्त जब मंदिर पहुंचे तो प्रवेश द्वार पर उनके मस्तक पर तिलक लगाया गया। इस मनमोहक दृश्य ने सभी श्रद्धालुओं का हृदय जीत लिया। मंदिर परिसर इत्र की सुगंध से महक उठा, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई। बच्चों को प्रसाद प्रदान किया गया, जिससे उनमें खासा उत्साह देखा गया। अनेक महिलाओं ने बाबा के दरबार में मन्नत स्वरूप नारियल बांधकर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की।
पूरे दिन मंदिर में भजन-कीर्तन, श्याम धुन और जयकारों की गूंज बनी रही। आमली एकादशी के इस पावन अवसर पर उमड़ी भक्तों की भीड़ ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि बाबा श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था अटूट है।
साथ ही कल आयोजित होने वाले विशेष फाग उत्सव को लेकर भी भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग देते हुए रानी बाजार गुरुद्वारा द्वारा जूते-चप्पलों की विशेष व्यवस्था की गई है। गुरुद्वारा परिसर में “जोड़ा घर” के नाम से स्थान निर्धारित कर श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल निशुल्क सुरक्षित रखने की सेवा प्रदान की जा रही है। इस सराहनीय सेवा से भक्तों को काफी सुविधा मिल रही है और व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।




























