
नोखा।। यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन के तत्वावधान में नोखा में आयोजित सप्त दिवसीय श्री करणी कथा में रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए और कथा का श्रवण कर मां करणी के चरणों में शीश नवाकर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा के दौरान महंत डॉ. करणी प्रताप ने मां करणी के विवाह उत्सव का वर्णन करते हुए इसे बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। इस अवसर पर मातृशक्ति को मेहंदी वितरित की गई और महिलाओं ने अपने हाथों में मेहंदी रचाकर इस पावन अवसर की खुशी मनाई। महिलाओं ने नृत्य करते हुए और भक्ति गीतों पर झूमते-गाते हुए मां के मंगल परिणय की एक-दूसरे को बधाई दी। कथा में लगभग हजारों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर मां करणी की महिमा का श्रवण किया और भक्ति भाव से कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
इसके साथ ही महंत श्री के मिशन शताक्षी सेवा संस्थान द्वारा नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। इस शिविर का संपूर्ण व्यय स्वर्गीय पदमाराम कुलरिया की पावन स्मृति में उनके तीनों सुपुत्र कानाराम कुलरिया, डॉ. शंकर कुलरिया और धर्म कुलरिया द्वारा अपनी माताजी हरप्यारी देवी की भावनाओं के अनुरूप वहन किया गया। शिविर में लगभग 538 लोगों की आंखों की जांच की गई।
शिविर में जांच करवाने वाले लोगों को 25 मार्च को कथा के विश्राम दिवस पर चश्मे वितरित किए जाएंगे। शिविर के सहयोगकर्ताओं कानाराम, डॉ. शंकर और धर्म कुलरिया ने इस अवसर पर 2 लाख 51 हजार रुपये की राशि भी भेंट की। उन्होंने मुंबई से लाइव प्रसारण के माध्यम से शिविर को देखा और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में अब कोई भी व्यक्ति नेत्र संबंधी समस्या से पीड़ित नहीं रहेगा और मां करणी की कृपा से सभी को नेत्र ज्योति प्राप्त होगी।














