Bikaner Live

तीन दिवसीय ‘अमर कला महोत्सव-2026’ का शुभारंभ आज
soni

कला एवं संस्कृति विभाग तथा पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सहयोग से कल्पना संगीत एवं थिएटर संस्थान द्वारा होगा आयोजन

बीकानेर, 28 मार्च। कला एवं संस्कृति विभाग, राजस्थान तथा पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के सहयोग से कल्पना संगीत एवं थिएटर संस्थान द्वारा प्रख्यात संगीतकार स्व. अमरचंद पुरोहित की स्मृति में तीन दिवसीय ‘अमर कला महोत्सव–2026’ (तृतीय संस्करण) का शुभारंभ 29 मार्च को टी.एम. ऑडिटोरियम, गंगाशहर, बीकानेर में होगा।

उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ रंगकर्मी एवं केंद्रीय साहित्य अकादमी की राजस्थानी भाषा परामर्श मंडल के संयोजक श्री अर्जुन देव चारण तथा प्रादेशिक परिवहन अधिकारी श्री अनिल पांड्या विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान अध्यक्ष श्री रामकुमार व्यास करेंगे।

आयोजन सचिव श्री विपिन पुरोहित ने बताया कि इस बहुप्रतीक्षित महोत्सव में संगीत, नृत्य एवं नाटक प्रस्तुतियों के साथ-साथ फोटोग्राफी, पेंटिंग एवं अभिनय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रथम दिवस 29 मार्च को दोपहर 3 बजे उद्घाटन सत्र में सखी ग्रुप द्वारा ईश वंदना, वीणा नृत्य अकादमी द्वारा श्रीमती वीणा जोशी के निर्देशन में नृत्य प्रस्तुति तथा कलांजलि, बैंगलुरु की ओर से सुश्री रूचि बालानी द्वारा कथक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।

सायंकालीन सत्र में शाम 5 बजे ‘सुगम संगीत सरिता’ कार्यक्रम के अंतर्गत पं. नारायण दास रंगा, पं. पुखराज शर्मा एवं श्री राजनारायण पुरोहित द्वारा गीत एवं ग़ज़लों की प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 7:30 बजे अंतिम सत्र में कल्पना संस्थान के नाट्य दल द्वारा श्री विपिन पुरोहित के निर्देशन में नाटक ‘दुश्मन उर्फ सैंया मगन पहलवानी में’ का मंचन किया जाएगा।

समन्वयक श्री योगेश हर्ष ने बताया कि महोत्सव के तीनों दिनों में विभिन्न कलाओं के प्रदर्शन के साथ बीकानेर के लगभग 50 कलाकारों की पेंटिंग, उस्ता कला एवं गोबर उत्पाद कला की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। साथ ही प्रतिदिन उदयपुर एवं जयपुर से आए फोटोग्राफर राकेश शर्मा ‘राजदीप’ एवं अजय पारिख द्वारा फोटोग्राफी प्रशिक्षण, जयपुर के बाल रंग गुरु गगन मिश्रा द्वारा नाट्य प्रशिक्षण तथा पॉकेट थिएटर का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।चित्रकार मुकेश जोशी सांचीहर एवं कमल किशोर जोशी द्वारा पोर्ट्रेट एवं पेंटिंग विधा पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!