

बीकानेर, शहर की महिला उद्यमी संतोष सोनी को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित इवेंट PMA Fusion 2026 में महिला सशक्तिकरण अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें विपरीत परिस्थितियों में भी परिवार, बच्चों और व्यवसाय को सफलतापूर्वक संभालने के लिए प्रदान किया गया।
PMA Fusion 2026 एक प्रमुख राष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें देशभर से पेस्ट मैनेजमेंट और संबंधित क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स ने भाग लिया। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में संतोष सोनी की संघर्ष, समर्पण और सफलता की कहानी को विशेष सराहना मिली। उपस्थित लोगों ने उनकी मेहनत और जज्बे की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रेरणा स्रोत बताया।
बीकानेर निवासी संतोष सोनी अपनी कंपनी “यूनिक पेस्ट कंट्रोल एंड अदर सर्विसेज” के माध्यम से पूरे राजस्थान में सेवाएं प्रदान कर रही हैं। वे अपने विकलांग पति गौतम सोनी की सेवा के साथ-साथ घर-परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों को निभाते हुए व्यवसाय को भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रही हैं।
इस उपलब्धि पर गौतम सोनी ने कहा कि उनकी पत्नी संतोष सोनी उनके लिए सच्ची प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि एक साथ परिवार, बच्चों और व्यवसाय को संभालना आसान नहीं है, लेकिन संतोष ने अपने समर्पण से यह संभव कर दिखाया है। यह सम्मान पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है।
वहीं संतोष सोनी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवार्ड उन्हें आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं यदि ठान लें तो किसी भी परिस्थिति में अपने लक्ष्य हासिल कर सकती हैं।
गौरतलब है कि “यूनिक पेस्ट कंट्रोल एंड अदर सर्विसेज” राजस्थान में पेस्ट कंट्रोल, सैनिटाइजेशन और अन्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी विश्वसनीय पहचान बना चुकी है और लगातार ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान कर रही है।














