*जयपुर: कथित गर्भपात के मामले में डॉक्टर को राहत देने के लिए 7 लाख वसूलने का आरोप, SHO और कांस्टेबल लाइन हाजिर*
*07 अप्रैल मंगलवार 2026-27*
*जयपुर:* कोटा जिले के चेचट थाने में तैनात इंस्पेक्टर सुरेंद्र बिश्नोई और कांस्टेबल महावीर पर अवैध वसूली के आरोप लगे हैं. इसके बाद कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने जांच के आदेश दिए हैं. साथ ही दोनों कार्मिकों को लाइन हाजिर किया गया है. इस संबंध में पूरी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भी भेजी जा रही है.
एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि नाबालिग लड़की के एक लड़के के साथ पलायन करने का मामला सामने आया था. बालिका को दस्तयाब कर लिया गया था. इस मामले में पूछताछ में गर्भपात का खुलासा हुआ. नाबालिग बालिका का गर्भपात मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित हॉस्पिटल में करवाया गया है. वहां के चिकित्सक ने एसएचओ सुरेंद्र बिश्नोई और कांस्टेबल महावीर पर पैसे वसूलने का आरोप लगाया है. इस मामले में जांच रामगंजमंडी पुलिस उप अधीक्षक घनश्याम मीणा को सौंप दी गई है.
*2024 का मामला:*
ये मामला साल 2024 का है. इसी साल गर्भपात कराया गया था. पूरे प्रकरण की जांच पड़ताल बाकी थी, जिस पर चेचट थाना अधिकारी सुरेंद्र विश्नोई ने हाल ही में जांच शुरू की है. डॉ. एनआर आजाद ने आरोप लगाया है कि उनको गिरफ्तार करने और अस्पताल के लाइसेंस रद्द करने तक की धमकी दी गई. इस संबंध में उनसे 8 लाख रुपए की मांग की गई थी. उन्हें पूछताछ के लिए मार्च में दो बार चेचट बुलाया गया था, जिसके बाद उन्होंने 7 लाख रुपए देने पर सहमति जता दी. दो हिस्सों में होटल में 6.5 लाख और थाने में 50 हजार रुपए लिए गए.
*टीम गई, लेकिन कार्रवाई नहीं की:*
मामले में कोटा ग्रामीण के चेचट थाने की टीम भी डॉक्टर के पास सीहोर गई थी. यहां पर डॉ. एनआर आजाद से कथित गर्भपात के संबंध में पूछताछ भी की गई. इसके बाद डॉक्टर को चेचट बुलाया गया था. हालांकि, डॉक्टर को साइड में ले जाकर उससे पैसे की सौदेबाजी की गई. मामले में गर्भपात करना कानूनी अपराध है, लेकिन इस संबंध में सबूत नहीं जुटाए गए ताकि डॉक्टर पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं हो. इसी की एवज में यह पैसा लेने का आरोप लगा है.











