





बीकानेर। शहर के व्यास पब्लिक स्कूल में गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति भारत के तत्वावधान में जन-जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखर चिंतक डॉ. महेश शर्मा के आतिथ्य और समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम किशोर तिवाड़ी की अध्यक्षता में साइबर क्राइम टीम के सहयोग से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सामाजिक एवं डिजिटल सुरक्षा विषयों पर जागरूक किया गया।
सेमिनार में साइबर क्राइम टीम के विशेषज्ञों ने छात्रों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, गर्भस्थ शिशु संरक्षण जैसे संवेदनशील विषय पर भी प्रकाश डालते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. महेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में तकनीक का सही उपयोग बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों या संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए। अध्यक्षता कर रहे राम किशोर तिवाड़ी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य पाण्डेय ने सभी अतिथियों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेमिनार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम का सफल संयोजन नगर सचिव सुरेश शर्मा द्वारा किया गया।
सेमिनार में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
















