बीकानेर, 11 मई 2026। Bikaner Live
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर जिले को एक और बड़ी सौगात दी है। उनकी पहल पर जिले के 40 राजकीय विद्यालयों में 65 इंच के स्मार्ट डिजिटल बोर्ड और विद्यार्थियों के लिए ड्यूल डेस्क फर्नीचर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
सीएसआर मद से सवा करोड़ खर्च करेगी हुडको
केंद्रीय मंत्री की अनुशंसा पर आवास एवं शहरी विकास निगम (हुडको) सीएसआर मद के तहत यह सभी व्यवस्थाएं करवाएगा। इस पर लगभग सवा करोड़ रुपए खर्च होंगे। हर स्कूल में 65 इंच का स्मार्ट बोर्ड और 50-50 विद्यार्थियों के लिए आरामदायक ड्यूल डेस्क फर्नीचर दिया जाएगा।
दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने बताया कि जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी अत्याधुनिक सुविधाएं मिलें, इसके लिए यह पहल की गई है। स्मार्ट बोर्ड से बच्चे आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जुड़ेंगे और पाठ्यक्रम को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे। इससे सरकारी स्कूलों में स्मार्ट शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
किस पंचायत समिति को कितने स्कूल
हुडको द्वारा 40 स्कूलों को यह सामग्री दी जाएगी। इसमें बीकानेर पंचायत समिति के 10, श्रीडूंगरगढ़ के 7, लूणकरणसर और कोलायत के 6-6, खाजूवाला के 4, नोखा के 4, पांचू और पूगल के 2-2 तथा बज्जू खालसा का 1 विद्यालय शामिल है।
14 मई को होगा समर्पण कार्यक्रम
14 मई, गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुजानदेसर में आयोजित कार्यक्रम में ये सभी संसाधन शिक्षा विभाग को समर्पित करेंगे। इस दौरान वे एक लैब का उद्घाटन भी करेंगे। हुडको के अध्यक्ष श्री संजय कुलश्रेष्ठ केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में यह संसाधन शिक्षा विभाग को सौंपेंगे। कार्यक्रम में सभी संबंधित विद्यालयों के संस्था प्रधान मौजूद रहेंगे।














