
बीकानेर/हरिद्वार। वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ मेले की तैयारियों को लेकर अखिल भारतीय मारवाड़ी स्वर्णकार धर्मशाला में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अर्धकुंभ के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं धर्मशाला के सुचारू संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में धर्मशाला प्रबंधन की रूपरेखा तैयार करते हुए आवास, भोजन, स्वच्छता, सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि अर्धकुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले, इसके लिए व्यवस्थाओं को समय रहते मजबूत किया जा रहा है।
बैठक में अखिल भारतीय मारवाड़ी स्वर्णकार धर्मशाला के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार तोषावड़ (जयपुर), कोषाध्यक्ष गणेश लाल सहदेव (बीकानेर), सत्यनारायण सहित अन्य ट्रस्टियों ने भाग लिया। सभी पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सामूहिक सहयोग पर जोर दिया।
बैठक से पूर्व देशनोक से पहुंचे पारस मोषूण ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने अर्धकुंभ को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए समाज के लोगों से सहयोग की अपील भी की।

















