बीकानेर। शहर के पुगल फांटा बस स्टैंड स्थित शनिदेव मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद 16 मई 2026 को भव्य शनि जागरण का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं एवं आयोजकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पुजारी सूरजकरण भार्गव ने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक ट्रक दुर्घटना में मंदिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हादसे के कारण मंदिर की संरचना बिखर गई थी, जिसके बाद समाज एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर की चारदीवारी और मंदिर का पुनः निर्माण करवाया गया। पुनर्निर्माण पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अब भव्य जागरण एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 16 मई की सुबह 9 बजे हवन एवं पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद दिनभर श्रद्धालुओं के लिए लस्सी एवं शरबत की व्यवस्था रहेगी। शाम 7 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात विशाल शनि जागरण शुरू होगा।
जागरण में बीकानेर के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में मुख्य कलाकार के रूप में मुन्ना सरकार, राधेश्याम बिस्सा, नवदीप बीकानेरी एवं मास्टर नानू भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
















