

बीकानेर, ___ जून। अंतर्राष्ट्रीय मई मेजरमेंट मंथ प्रोग्राम के तहत ब्लड प्रेशर जागरूकता के संदर्भ में स्वामी केशवानन्द राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (एस.के.आर.ए.यू.), बीकानेर में कुलगुरु प्रोफेसर आर.बी. दुबे की अनुमति से एक नि:शुल्क मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प में लगभग डेढ़ सौ महाविद्यालयीन विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन ए1सी (HbA1c), टी.एस.एच. (TSH) एवं विटामिन-डी की जांच शामिल रही।
वरिष्ठ प्रोफेसर एवं फेलो, इंडियन सोसायटी ऑफ हाइपरटेंशन, डॉ. बालकिशन गुप्ता ने कहा कि ब्लड प्रेशर नियंत्रण के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने बताया कि समय-समय पर ब्लड प्रेशर की जांच करवाना जरूरी है, क्योंकि इसके सामान्यतः कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते और इसी कारण इसे “साइलेंट किलर” कहा जाता है। उन्होंने चेताया कि यदि ब्लड प्रेशर सामान्य स्तर पर नियंत्रित न रहे तो इसके गंभीर दुष्परिणाम, जैसे हार्ट अटैक, लकवा एवं गुर्दे फेल होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
डॉ. गुप्ता ने ब्लड प्रेशर नियंत्रण एवं बचाव के लिए संतुलित जीवनशैली अपनाने, खान-पान में सुधार करने तथा नियमित व्यायाम को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम की व्यवस्था डी.एस.डब्ल्यू. डॉ. एच.एल. देशवाल एवं प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. दीपाली धवन द्वारा की गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी डीन, निदेशक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कैम्प के सफल संचालन में 32 सदस्यीय टीम ने कार्य किया, जिसमें 6 चिकित्सक शामिल थे।
डॉक्टर गुप्ता ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुरेंद्र कुमार जी का आभार जताया जिन्होंने बीकानेर में ईस तरह के जन स्वास्थ्य कैंपों की अनुमति प्रदान की















