
नोखा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संगठन जन अधिकार सेना द्वारा शुक्रवार को नोखा रीको औद्योगिक क्षेत्र में पौधारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रकार के छायादार और पर्यावरण हितैषी पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
प्रदेश कोषाध्यक्ष कानाराम शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है तथा भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ऐसे में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अंधाधुंध पेड़ों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं।
शर्मा ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इसी उद्देश्य को लेकर संगठन ने “हरे सोने की क्रांति” का संदेश देते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष कानाराम शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा शहर मण्डल अध्यक्ष कैलाश कठातला, पुखराज सांखी, मोहित,दिनेश बन गोस्वामी,अभिषेक गिरी, कमल व्यास, अनोप सिंह, भवानी गिरी, प्रेम सिंह सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।















