
आयोजकों की पारदर्शिता बनी मिसाल, भागवत कथा से प्राप्त राशि गौसेवा को समर्पित
नोखा। गत दिनों ज्येष्ठ अधिकमास के अवसर पर 25 मई से 31 मई तक चांडक भवन में कान्हा गो सेवा समिति एवं अकेश्वर महादेव शिवालय ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के सफल एवं भव्य आयोजन के उपलक्ष्य में एक विशेष समीक्षा एवं आभार बैठक आयोजित की गई। बैठक में कथा आयोजन को सफल बनाने वाले सभी श्रद्धालुओं, भामाशाहों, स्वयंसेवकों, पत्रकार बंधुओं तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
बैठक में आयोजकों ने बताया कि सात दिवसीय कथा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में धर्म, भक्ति और गौसेवा के प्रति अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। कथा के माध्यम से न केवल आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण हुआ, बल्कि गौसेवा के लिए भी समाज ने खुलकर सहयोग दिया।
बैठक में कथा के सफल संचालन के लिए कथावाचक पंडित महावीर पंचारिया एवं राधा माधव संकीर्तन मंडली का भी विशेष आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि उनके सान्निध्य एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन से कथा आयोजन श्रद्धा, भक्ति और धर्ममय वातावरण में संपन्न हुआ।
बैठक के दौरान कथा आयोजन के आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। जानकारी के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा एवं गौसेवा के लिए श्रद्धालुओं द्वारा कुल 28 लाख रुपये की राशि अर्पित की गई। वहीं कथा आयोजन पर लगभग 8 लाख रुपये का व्यय हुआ। समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि शेष समस्त राशि गौसेवा, गोवंश संरक्षण एवं संबंधित सेवा कार्यों में समर्पित की जाएगी।
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि पदम ग्रुप ऑफ कंपनीज, सीलवा (मुंबई) ने 5 लाख रुपये का सहयोग प्रदान कर कथा महोत्सव में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। समिति ने इस सहयोग को गौसेवा के प्रति समाज की जागरूकता और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
बैठक में राजेश अग्रवाल, दिनेशसिंह राजपुरोहित, जयकरण चारण, मोहित जोशी, घनश्याम छीम्पा, केशव करवा एवं किशन तोषनीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी धर्म एवं गौसेवा से जुड़े ऐसे आयोजनों को और अधिक व्यापक बनाने के सुझाव दिए।















