
बीकानेर रेल मंडल पर ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली आयोजित
उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल द्वारा रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ (SoC) रैली का आयोजन किया गया। रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (RSPB), नई दिल्ली तथा प्रधान कार्यालय, जयपुर के निर्देशानुसार देशव्यापी फिटनेस अभियान के अंतर्गत आयोजित इस रैली का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
रैली का शुभारंभ प्रातः रेलवे ग्राउंड, बीकानेर से मंडल रेल प्रबंधक द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह रैली रेलवे ग्राउंड से प्रारंभ होकर पंचशती सर्किल, गौतम सर्किल एवं जयपुर रोड मार्ग से होते हुए अधिकारी क्लब पहुंची, जहां इसका सफलतापूर्वक समापन हुआ।
रैली में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, खेल प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी साइकिलों के साथ फिटनेस और स्वच्छ पर्यावरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक की गरिमामयी उपस्थिति में मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्वयं साइकिल चलाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
मंडल खेलकूद अधिकारी वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विष्णु चौधरी के निर्देशन में आयोजित इस रैली के सफल समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से साइकिल चलाने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
बीकानेर रेल मंडल द्वारा आयोजित यह पहल ‘फिट इंडिया’ और ‘हरित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बीकानेर
07.06.2026















