विश्व साइकिल दिवस पर रायसिंहनगर में निकली साइकिल रैली, सीमा सुरक्षा और नशा तस्करी रोकने पर भी हुई चर्चा
श्रीगंगानगर, 7 जून। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रायसिंहनगर पुलिस मुख्यालय में शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस एवं श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में साइकिल रैली निकालकर फिट इंडिया, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी, थाना अधिकारी, अर्द्धसैनिक बलों के जवान, युवा, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिल रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली, जिसमें लोगों को नियमित व्यायाम अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ फिटनेस का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में पुलिस अधिकारियों ने श्रीगंगानगर जिले के सीमा क्षेत्र स्थित सेजां कोठी पुलिस थाने में पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त अधिकारियों, सुरक्षा सखी, पुलिस मित्रों तथा सीएलजी सदस्यों के साथ संवाद किया। इस दौरान भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था तथा सिंथेटिक नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों ने आमजन से सीमा क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़े सुझाव आमंत्रित किए और सिंथेटिक नशे की रोकथाम के लिए पुलिस को सूचना देकर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ लड़ाई में आम नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और समाज के सहयोग से ही इस चुनौती का प्रभावी समाधान संभव है।
जनसंवाद कार्यक्रम के उपरांत पुलिस थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों और सेवानिवृत्त जवानों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।
इसके अलावा रायसिंहनगर, श्रीकरणपुर और अनूपगढ़ क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे लगभग 50 किलोमीटर क्षेत्र में अवैध निर्माणों की रोकथाम एवं आवश्यक कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित 40 पीएस और 41 पीएस बीएसएफ बॉर्डर पोस्ट का भी दौरा किया। इस दौरान बीएसएफ जवानों का उत्साहवर्धन किया गया तथा सीमा सुरक्षा, हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए बीएसएफ एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
पुलिस का संदेश:
“आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय” की भावना को मजबूत करते हुए पुलिस ने नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशा तस्करी की सूचना देने तथा पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
















