बीकानेर।
वैदिक संस्कृति, धार्मिक परम्पराओं एवं आध्यात्मिक जीवन मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से शाकद्वीपीय वेद पाठी संघ के तत्वावधान में द्वितीय वर्ष भी “संध्योपासना एवं विष्णुसहस्रनाम प्रशिक्षण शिविर” का आयोजन किया जा रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह शिविर 16 जून 2026 से शिवशक्ति सदन, डागा मोहल्ला, बीकानेर में प्रारम्भ होगा। शिविर प्रतिदिन सायंकाल 8:00 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें 8:00 से 8:45 बजे तक विष्णुसहस्रनाम पाठ तथा 8:45 से 9:30 बजे तक संध्योपासना का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संध्योपासना वैदिक परम्परा का महत्वपूर्ण अंग है, जो व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, आत्मिक उन्नति तथा संस्कारों का विकास करती है। वहीं विष्णुसहस्रनाम का नियमित पाठ मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक चेतना के विकास में सहायक माना गया है।
शिविर में संध्या प्रशिक्षण हेतु उपनयन (जनेऊ) आवश्यक रहेगा, जबकि विष्णुसहस्रनाम पाठ में आयु, लिंग अथवा उपनयन की कोई बाध्यता नहीं है। इस कारण बालिकाएँ, महिलाएँ एवं सभी श्रद्धालु भी इसमें सहभागिता कर सकेंगे। शिविर के लिए आवश्यक पुस्तकें आयोजन स्थल पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
शाकद्वीपीय वेद पाठी संघ ने समाज के सभी बंधुओं, युवाओं एवं अभिभावकों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर वैदिक परम्पराओं को सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया है।
पंजीकरण एवं अधिक जानकारी हेतु इच्छुक व्यक्ति 9460780106, 9461129894 एवं 8386834390 पर संपर्क कर सकते हैं।
















