Bikaner Live

जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने जिला परिषद कार्यालय का किया निरीक्षण, समयबद्ध कार्य निष्पादन के दिए निर्देश



बीकानेर, 29 जून। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने सोमवार को जिला परिषद कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गंभीरतापूर्वक कार्य करते हुए आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने विभिन्न शाखाओं के निस्तारित और लंबित प्रकरणों, विधानसभा प्रश्नों के जवाब की स्थिति, परिवादों तथा जांच संबंधी मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का नियमानुसार एवं निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का प्रभावी संचालन एवं नियमित निरीक्षण किया जाए।

जिला कलेक्टर ने अटल ज्ञान केंद्रों के निर्माण एवं प्रगति कार्यों की प्रगति समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभाग स्तरीय क्वालिटी कंट्रोल लैब का निरीक्षण किया। यहां उपलब्ध आधुनिक उपकरणों की जानकारी ली तथा उनकी उपयोगिता और नियमित संचालन के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।

उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी पर्यवेक्षण को आवश्यक बताया। जलग्रहण विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए योजनाबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस अवसर पर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, अधीक्षण अभियंता श्री रामनिवास शर्मा, जलग्रहण के अधीक्षण अभियंता श्री भूपसिंह, अधिशासी अभियंता श्री अशोक गहलोत, परियोजना अधिकारी लेखा श्रीमती चन्द्रकला, सहायक लेखाधिकारी प्रथम श्री सुधीर सुरोलिया, सहायक लेखाधिकारी द्वितीय श्री कैलाश मेहरा, अधिशासी अभियंता श्री मनीष पूनिया, सहायक अभियंता श्री मुकेश आहूजा सहित जिला परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!