Bikaner Live

विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर, सभी कार्यालयों में ई-फाइलिंग शत-प्रतिशत लागू करने के निर्देश


एडीएम सिटी ने ली विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक

बीकानेर, 29 जून। अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) श्रीमती रीना छींपा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चिकित्सा, जल संसाधन, पीएचईडी, जेडीवीवीएनएल, आरवीपीएनएल, आरयूआईडीपी, आरएसआरडीसी, आयोजना, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए एडीएम सिटी ने विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।एडीएम सिटी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

बैठक में श्रीमती छींपा ने सभी विभागों को अपने कार्यालयों में ई-फाइलिंग व्यवस्था शत-प्रतिशत लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय कार्यों का त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण हो।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में एडीएम सिटी ने मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना, जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, मरीजों को बेहतर उपचार तथा शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीबीएम अस्पताल से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

जेडीवीवीएनएल की समीक्षा के दौरान एडीएम सिटी ने सड़क निर्माण के बाद होने वाली खुदाई को न्यूनतम रखने, सड़क कटाई के बाद निर्धारित समय में पुनर्स्थापना सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यों का समुचित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत संबंधी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग तथा लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया।

आरवीपीएनएल की समीक्षा में जीएसएस निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न जीएसएस परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। एडीएम सिटी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, 132 केवी जीएसएस सहित अन्य परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा भूमि संबंधी प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नए जीएसएस के लिए भूमि चिन्हित करने की कार्यवाही में तेजी लाने को कहा।

पीएचईडी की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को पेयजल परियोजनाओं एवं पाइपलाइन विस्तार कार्यों को गति देने, पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

आरएसआरडीसी के परियोजना निदेशक ने बताया कि लालगढ़ ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जुलाई माह तक पूरा हो जाएगा। इसके अलावा पूगल एवं कोलायत में निर्माणाधीन नई आईटीआई भवनों का कार्य अगस्त माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। एडीएम सिटी ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सार्वजनिक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान एडीएम सिटी ने सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, कार्य पूर्ण होने के बाद आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव सुनिश्चित करने तथा विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में आरयूआईडीपी के कार्यों, आयोजना विभाग की योजनाओं तथा अन्य विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।बैठक में संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!