कंप्यूटर-प्रिंटर और ऑपरेटर की व्यवस्था की मांग, जिला कलेक्टर सहित अधिकारियों को भेजा पत्र
नोखा/बीकानेर। राजस्थान सरकार की RGHS योजना के तहत निःशुल्क दवाइयां प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पर्ची की प्रक्रिया अनिवार्य होने के बावजूद नोखा तहसील एवं आसपास के राजकीय आयुर्वेदिक औषधालयों में आवश्यक तकनीकी सुविधाओं का अभाव सामने आया है। इस संबंध में नोखा से संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल कंप्यूटर, प्रिंटर और कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था करवाने की मांग की गई है।
पत्र में बताया गया है कि नोखा तहसील एवं आसपास स्थित राजकीय आयुर्वेदिक औषधालयों/चिकित्सालयों में ऑनलाइन पर्ची जनरेट करने एवं प्रविष्टि करने की तकनीकी सुविधा उपलब्ध नहीं है। वहीं ब्लॉक स्तर पर भी न तो पर्याप्त कंप्यूटर उपलब्ध हैं और न ही कंप्यूटर ऑपरेटर की पदस्थापना की गई है।
पत्र के अनुसार, इस तकनीकी कमी के कारण राजस्थान सरकार के कर्मचारी एवं पेंशनर्स को RGHS योजना के तहत मिलने वाली निःशुल्क दवाइयों का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। उन्हें मजबूरन बाजार से महंगे दामों पर दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
RGHS की आधिकारिक जानकारी के अनुसार योजना में पात्र लाभार्थियों के लिए कैशलेस अस्पताल उपचार और OPD दवाइयों की सुविधा तथा ऑनलाइन/स्वचालित प्रक्रियाओं का प्रावधान है।
अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग
पत्र में मांग की गई है कि नोखा क्षेत्र के राजकीय आयुर्वेदिक औषधालयों में शीघ्र अति शीघ्र कंप्यूटर मय प्रिंटर उपलब्ध करवाए जाएं तथा कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति/नामांकन किया जाए, ताकि सरकारी कर्मचारी एवं पेंशनर्स को समय पर RGHS के तहत निःशुल्क दवाइयां मिल सकें।
पत्र की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर बीकानेर, उपनिदेशक कार्यालय आयुर्वेद विभाग बीकानेर, उपखंड अधिकारी नोखा तथा प्रभारी अधिकारी स्व. घुमनन्द गट्टाणी राजकीय ब्लॉक आयुष चिकित्सालय, नोखा को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मांग पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और नोखा क्षेत्र के आयुर्वेदिक अस्पतालों में RGHS ऑनलाइन पर्ची की सुविधा कब तक शुरू होती है।











