Bikaner Live

जर्सी अनावरण के साथ ईसीबी-ईपीएल का रोमांच चरम पर, 10 अगस्त से सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ

इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में छह टीमों की जर्सी का भव्य अनावरण, आईपीएल की तर्ज पर होंगे मुकाबले; लाइव स्कोरिंग और डिजिटल निगरानी से जुड़ी रहेगी पूरी प्रतियोगिता

इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में 10 अगस्त से शुरू होने जा रही इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर प्रीमियर लीग (ईसीबी-ईपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 को लेकर रविवार को उत्साह चरम पर पहुंच गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छह टीमों की आकर्षक जर्सी का भव्य अनावरण महाविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. अमित सोनी, खेल विभागध्यक्ष डॉ नवीन शर्मा एवं सभी छह टीमों के टीम ओनर्स द्वारा किया गया। जर्सी अनावरण के साथ ही पांच दिन तक चलने वाले इस क्रिकेट महाकुंभ को लेकर खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

10 से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाली ईसीबी-ईपीएल प्रतियोगिता इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर आयोजित की जा रही है। इसमें इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर तथा यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के खिलाड़ी छह टीमों के रूप में मैदान में उतरेंगे। हाल ही में आयोजित डिजिटल खिलाड़ियों की नीलामी में 155 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था। प्रत्येक टीम को 1,25,000 अंक उपलब्ध कराए गए थे l

*जर्सी अनावरण के साथ दिखा आईपीएल जैसा रोमांच*
जर्सी अनावरण समारोह में सभी छह टीमों के टीम ओनर्स, कप्तान एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रत्येक टीम की विशेष पहचान वाली जर्सी का अनावरण, टीम फोटोग्राफी एवं प्रचार-प्रसार के लिए आकर्षक दृश्य सामग्री तैयार की गई। अलग-अलग रंग एवं डिजाइन में तैयार टीम जर्सियों ने प्रतियोगिता को पूरी तरह पेशेवर एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया।
प्रतियोगिता में मैवरिक रेनेगेड्स, नाइट हॉक्स, सुपरनोवा टाइटंस, फीनिक्स स्ट्राइकर्स, थंडर सिक्सर्स एवं डेजर्ट स्कॉर्चर्स की टीमें मैदान में उतरेंगी। इन टीमों की कमान क्रमशः धनंजय राजपूत, वंश शर्मा, पंकज कुमावत, शुभम कुमावत, रिंकू वेद एवं शिवम तिवारी संभालेंगे।

*हर गेंद और हर रन की रहेगी डिजिटल निगरानी*

ईसीबी-ईपीएल की सबसे खास विशेषताओं में से एक इसकी डिजिटल स्कोरिंग एवं प्रतियोगिता प्रबंधन व्यवस्था होगी। महाविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभाग के छात्र पंकज कुमावत द्वारा विकसित विशेष वेबसाइट एवं अनुप्रयोग के माध्यम से पूरी क्रिकेट प्रतियोगिता का डिजिटल रूप से प्रबंधन एवं निगरानी की जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक रन, विकेट, ओवर, खिलाड़ी का प्रदर्शन एवं मैच का स्कोर लाइव अपडेट किया जाएगा।
इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से दर्शक एवं खेल प्रेमी मैच की स्थिति और खिलाड़ियों के प्रदर्शन से वास्तविक समय में जुड़े रह सकेंगे। साथ ही प्रतियोगिता की लाइव स्कोरिंग एवं मैच संबंधी आंकड़े डिजिटल माध्यम पर उपलब्ध रहेंगे। इस पहल से ईसीबी-ईपीएल को तकनीक और खेल के अनूठे संगम के रूप में नई पहचान मिलेगी।

*यूट्यूब पर होगा मुकाबलों का सीधा प्रसारण*

प्रतियोगिता के सभी प्रमुख मुकाबलों का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगिता से जुड़े प्रमुख क्षण, खिलाड़ियों के प्रदर्शन, मैच परिणाम, लाइव स्कोर एवं अन्य गतिविधियों को महाविद्यालय की वेबसाइट और सामाजिक माध्यमों पर भी साझा किया जाएगा। इससे महाविद्यालय के विद्यार्थी, अभिभावक, पूर्व विद्यार्थी तथा देश-विदेश में मौजूद खेल प्रेमी प्रतियोगिता से सीधे जुड़ सकेंगे।
आयोजन संयोजक एवं खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि ईसीबी-ईपीएल केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व, टीम प्रबंधन, रणनीतिक सोच, अनुशासन, निर्णय क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने का एक अभिनव मंच है। उन्होंने कहा कि खेल के साथ अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक का समावेश इस प्रतियोगिता को और विशिष्ट बनाता है।

*ये रहे मौजूद*
जर्सी अनावरण के अवसर पर डॉ. अमित सोनी, डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. सुनीता चौधरी, डॉ. इन्दु भूरिया, डॉ. मोहम्मद यूनुस शेख, डॉ. विजय मोहन व्यास, मुमताज़ अली, मनीष व्यास, रोहित शर्मा, विजय सिंह, रामरतन सहित टीम ओनर्स, कप्तान एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

10 अगस्त से शुरू होने वाला ईसीबी-ईपीएल इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में क्रिकेट, तकनीक, प्रबंधन एवं टीम भावना के अनूठे संगम के रूप में अपनी नई पहचान बनाने जा रहा है

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!