Bikaner Live

स्वतंत्रता दिवस को लेकर बीकानेर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल हाई अलर्ट मोड पर

आधुनिक उपकरणों, स्क्वॉयड डॉग एवं सीसीटीवी कैमरों से स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत


बीकानेर मंडल में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। मंडल के प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सहायक सुरक्षा आयुक्त कैलाश चन्द्र ढिल्लौर ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्रियों एवं उनके सामान की आधुनिक स्कैनिंग मशीनों के माध्यम से जांच की जा रही है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म एवं ट्रेनों में रेलवे सुरक्षा बल के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि की स्थिति में स्क्वॉयड डॉग की सहायता से सघन जांच की जा रही है। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर के विभिन्न क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत यात्रियों एवं उनके सामान की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को दें। यात्रा के दौरान टिकट एवं पहचान पत्र अपने पास रखें, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें तथा जेबकतरों से सतर्क रहें। यात्रियों को यह भी सलाह दी गई है कि किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु स्वीकार न करें।
मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान यात्रियों को सुरक्षित एवं निश्चिंत यात्रा का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से मंडल में व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!