
वैदिक मंत्रोच्चार एवं हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
बीकानेर, 10 अगस्त। सावन मास के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर परिसर में देवस्थान विभाग के तत्वावधान में भगवान भोलेनाथ का विधिवत महाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार एवं हर-हर महादेव के जयघोष के बीच हुए धार्मिक अनुष्ठान से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
महाभिषेक के दौरान भगवान भोलेनाथ का जल, दूध सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली, सुख-शांति, समृद्धि एवं सर्वकल्याण की कामना की। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार भी किया गया।
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री गौरव सोनी ने बताया कि सावन मास के प्रत्येक सोमवार को प्रदेश के विभिन्न महादेव मंदिरों में राज्य की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना को लेकर रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना करवाई जाती है। इसी क्रम में सावन के दूसरे सोमवार को श्री खाटू श्याम मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ का महाभिषेक करवाया गया।
महाभिषेक में देवस्थान विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मंदिर ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देवस्थान विभाग की ओर से श्री किशोर शर्मा, श्री राजेश दाधीच, श्री पुरुषोत्तम शर्मा, श्री अभिषेक श्रीमाली एवं श्री मोहनलाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्री के.के. शर्मा, श्री सुरेश अग्रवाल, श्री किशन शर्मा एवं श्री दीपक सहित ट्रस्ट से जुड़े सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा तथा पूरा वातावरण भगवान शिव के जयकारों से गूंजता रहा।
सावन मास में भगवान शिव की आराधना के विशेष धार्मिक महत्व के चलते महाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार, समाज एवं प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।













