बीकानेर, 13 अगस्त। अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के हुक्म संघ के नवम पट्टधर आचार्य प्रवर 1008 रामलालजी म.सा.,व उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि के चातुर्मास (समर्पण महोत्सव-2026) के स्थल छबीली घाटी के सेवा सदन में गुरुवार को विधायक जेठानंद ने पहुंचकर चरित्र आत्माओं के दर्शन वंदन किया तथा उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। व्यास का साधुमार्गी जैन संघ के पदाधिकारियों ने साहित्य भेंट अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास ने कहा आचार्य प्रवर रामलालजी म.सा.,व उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि आदि चारित्र आत्माओं के चातुर्मास से धर्म व संस्कार की प्रतिष्ठा होगी। बीकानेर के लोगों को व्यसन मुक्त, सदाचार, सद् व्यवहार, सद आचरण व सदधर्म, शाकाहार व संस्कार की पालना की प्रेरणा मिलेगी। बीकानेर की धर्मधरा में आचार्य प्रवर रामलालजी का चातुर्मास होना बहुत बड़े सौभाग्य की बात है। आचार्य प्रवर उनके सहवृति मुनियों व साध्वीवृंद की साधुत्व की पालना बिना आडम्बर व दिखावे की सच्ची वीतराग प्रभु, गुरु व जैन धर्म की साधना, आराधना व भक्ति है।
साधुमार्गी जैन सेवा समिति बीकानेर के अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद, कार्याध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार दस्साणी, संरक्षक जयचंद लाल डागा, मंत्री सुरेश बच्छावत, अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा, छतीसगढ़ के विनय डागा, रोेहित डागा, सुशील बच्छावत, सिद्धार्थ सेठिया व वरिष्ठ श्रावक सुशील बैद ने विधायक को चातुर्मास के दौरान होने वाली गतिविधियों से अवगत करवाया।
समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद ने बताया कि समता युवा संघ का बैलेसिंग लाइफ शिविर चल रहा है, जिसमें गुरुवार को सौरभ मुनि ने 18 से 50 वर्ष तक के श्रावकों को जैन धर्म के इतिहास, संस्कार व संस्कृति, नियम व कायदों के संबंध में प्रश्नोतरी के माध्यम से दूर किया। उन्होंने बताया सेवा सदन में चल रहे युवा शिविर का समापन शुक्रवार को होगा। साधुमार्गी जैन संघ के अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा ने बताया कि बीकानेर के जैन-जैनतर बालक बालिकाओं को नैतिक, आध्यात्मिक समता संस्कार जागरण शिविर व पाठशालाओं के माध्यम से व्यसन मुक्त जीवन की प्रेरणा दी जा रही है।
प्रोफेशनल फोर्म का राष्ट्रीय स्तर का शिविर
कार्याध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार दस्साणी, संरक्षक जयचंद लाल डागा, मंत्री सुरेश बच्छावत ने अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के साहित्य, मुनि व साध्वीवृंद के चातुर्मास, नियमित प्रवचन, मंगलपाठ सुनने आने वाले श्रावक-श्रावकों की श्रद्धा व गुरु भक्ति से अवगत करवाया। शनिवार व रविवार को सेवा सदन व आदिनाथ भवन में राष्ट्रीय स्तर का साधुमार्गी प्रोफेशनल फोर्म का राष्ट्रीय स्तर का शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें पूरे भारत से 250-300 के बीच उच्च स्तर के प्रोफेशनल के पहुंचने की संभावना है। इसमें सी.ए., सी.एस,, आई.ए.एस, आई.पी.एस, बी.टेक, एम.टेक, एम.बी.बी.एस. एल.एल.बी. आदि विभिन्न प्रोफेशनल
शामिल होंगे।














