Bikaner Live

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बारहगुवाड़ विद्यालय में होंगे विविध देशभक्ति कार्यक्रम


बीकानेर, स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारहगुवाड़, बीकानेर में 14 अगस्त को विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालय प्रशासन द्वारा कार्यक्रमों की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
शाला प्रधानाचार्य श्रीमती विनीता तंवर ने बताया कि प्रातः 8:30 बजे से 9:00 बजे तक प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। प्रभात फेरी को बीकानेर के विधायक श्री जेठानंद व्यास एवं प्रधानाचार्य श्रीमती विनीता तंवर हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसमें विद्यालय की समस्त छात्राएँ भाग लेंगी। प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नत्थूसर गेट, बारहगुवाड़ एवं आसपास के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय पहुंचेगी। इस दौरान छात्राएँ देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता के संदेश का प्रसार करेंगी।
इसके बाद प्रातः 10:00 बजे विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर के भामाशाह एवं समाजसेवी श्री राजेंद्र जी चूरा तथा श्री बलवीर सिंह जी होंगे। कार्यक्रम में छात्राएँ देशभक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देंगी।
इस अवसर पर विद्यालय के एसडीएमसी सदस्य एवं भामाशाह प्रेरक श्री महेंद्र जी किराडु तथा प्रधानाचार्य श्रीमती विनीता तंवर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं विकास कार्यों पर भी अपने विचार व्यक्त करेंगे।
विद्यालय परिवार के अनुसार इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक चेतना की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!