Bikaner Live

मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने किया भिवानी स्टेशन का  निरीक्षण

संरक्षित रेल संचालन को लेकर सेफ्टी सेमिनार में दिए विशेष दिशा-निर्देश

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य लगभग 99 प्रतिशत पूर्ण

MJPJ साइडिंग, पिट लाइन, वाशिंग लाइन एवं लोको कॉलोनी का भी किया निरीक्षण

बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने शनिवार (22.08.26) को भिवानी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संरक्षित रेल संचालन, यात्री सुविधाओं और रेल परिसंपत्तियों के रखरखाव को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भिवानी स्टेशन का पुनर्विकास कार्य लगभग 16.68 करोड़ रुपये की लागत से तीव्र गति से किया जा रहा है। स्टेशन पुनर्विकास के प्रथम चरण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, लगभग 99 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अंतर्गत स्टेशन भवन में सुधार, प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग सुविधा, बुकिंग ऑफिस, रिटायरिंग रूम तथा नए टॉयलेट ब्लॉक्स सहित विभिन्न कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
स्टेशन के सौंदर्यीकरण के लिए एलईडी लाइटिंग तथा दीवारों पर आकर्षक आर्टवर्क किया गया है। दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त साइनेज लगाए गए हैं। स्टेशन की प्रकाश व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 18 लाख रुपये की लागत से 40 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है।
यात्री सूचना प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन डिस्प्ले बोर्ड, सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े एलईडी स्क्रीन तथा जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक लगाए गए हैं। स्टेशन पर उच्च तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण जारी
भिवानी स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण भी किया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत लगभग 7.01 करोड़ रुपये है तथा इसका 30 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी तीव्र गति से किया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया  कि स्टेशन के पुनर्विकास में स्थानीय कला एवं संस्कृति को भी स्थान दिया गया है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय विरासत एवं संस्कृति का अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ आवागमन अधिक सुगम होगा। इससे व्यापारी वर्ग, स्थानीय कारीगरों एवं श्रमिकों को भी लाभ मिलेगा। स्टेशन के विकास से क्षेत्र में पर्यटन, स्थानीय हस्तशिल्प एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इस प्रकार स्टेशन का पुनर्विकास क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

*सेफ्टी सेमिनार में संरक्षित रेल संचालन पर विशेष जोर*

मंडल रेल प्रबंधक ने भिवानी स्टेशन पर आयोजित सेफ्टी सेमिनार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संरक्षित रेल संचालन के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लोको पायलट किसी भी परिस्थिति में लाल सिग्नल को पार न करें तथा SPAD (Signal Passing At Danger) की स्थिति को रोकने के लिए निर्धारित सुरक्षा नियमों एवं प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

*लोको कॉलोनी पिट लाइन एवं वाशिंग लाइन का निरीक्षण*

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने भिवानी की लोको कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलोनी में साफ-सफाई एवं बेहतर रखरखाव को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने वाशिंग लाइन एवं पिट लाइन का निरीक्षण कर वहां तकनीकी एवं संरक्षा मानकों का जायजा लिया तथा रेलवे नियमों के अनुरूप संरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । समपार (फाटक) संख्या 151 स्पेशल का भी निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को रेलवे नियमों के अनुसार संरक्षित रेल संचालन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।
*
*MJPJ साइडिंग का निरीक्षण**

मंडल रेल प्रबंधक ने MJPJ साइडिंग का निरीक्षण कर कनेक्शन एवं लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने साइडिंग पर लोडिंग एवं अनलोडिंग के दौरान संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न स्थानों पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी जानकारी ली तथा संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) आदित्य लेघा, वरिष्ठ मंडल मैकेनिकल इंजीनियर मुकेश यादव, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (FS) होशियार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पूर्व) विष्णु चौधरी, वाणिज्य निरीक्षक गौतम जांगड़ा, मूवमेंट इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह सहित रेलवे के अनेक शाखा अधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!