
बीकानेर पुलिस की तीन बड़ी कार्रवाइयां: अवैध पिस्तौल के साथ आरोपी गिरफ्तार, डोडा-पोस्त मामले का वांछित पकड़ा; अवैध खनिज से भरा डंपर जब्त
दंतौर, पांचू और गजनेर थाना पुलिस की कार्रवाई; ऑपरेशन नीलकंठ में टॉप-10 आरोपी गिरफ्तार, अवैध खनन सिंडिकेट की जांच जारी
बीकानेर, 22 अगस्त। बीकानेर पुलिस ने अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तीन अलग-अलग कार्रवाइयां की हैं। दंतौर पुलिस ने अवैध देशी पिस्तौल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पांचू पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत मादक पदार्थ के मामले में फरार टॉप-10 आरोपी को पकड़ा है। वहीं, गजनेर पुलिस ने करीब 40 टन अवैध खनिज मुर्रम से भरा डंपर जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है।
दंतौर में अवैध देशी पिस्तौल के साथ आरोपी गिरफ्तार
दंतौर थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान चक 22 बीएलडी बल्लर रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अनुमानित 7.65 एमएम बोर की एक अवैध देशी पिस्तौल बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण पुत्र बूटाराम, जाति बावरी, उम्र 54 वर्ष, निवासी चक 5 डीडब्ल्यूडी, पुलिस थाना दंतौर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25(1-बी)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त और इसके स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक दयानंद, कांस्टेबल कुलदीप-1647 और कुलदीप डीआर-672 शामिल रहे।
ऑपरेशन नीलकंठ में फरार टॉप-10 आरोपी गिरफ्तार
पांचू थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे टॉप-10 आरोपी अनिल कुमार पुत्र हड़मानराम, जाति बिश्नोई, उम्र 25 वर्ष, निवासी कुदसू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 2 जनवरी 2026 को पांचू थाने में दर्ज मामले में 4 किलो 402 ग्राम डोडा-पोस्त छिलका और चूरा जब्त किया गया था। इस कार्रवाई के दौरान अनिल कुमार मौके से फरार हो गया था और तभी से उसकी तलाश की जा रही थी।
आरोपी नोखा थाने में 13 दिसंबर 2025 को दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में भी वांछित है। उस मामले में पुलिस ने 8 किलो 530 ग्राम डोडा-पोस्त छिलका जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। जांच में अनिल कुमार का नाम मादक पदार्थ के सप्लायर के रूप में सामने आया था।
इस कार्रवाई में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद, हैड कांस्टेबल मांगीलाल, राधाकिशन तथा कांस्टेबल धन्नाराम, सुनील कुमार और लीलाराम शामिल रहे।
गजनेर में 40 टन अवैध मुर्रम से भरा डंपर जब्त
गजनेर पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 40 टन खनिज मुर्रम से भरा डंपर जब्त किया है। पुलिस ने डंपर चालक शौकत खान पुत्र हबीब खान, उम्र 25 वर्ष, निवासी गजनेर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को गोलरी से गंगापुरा रोड स्थित रोही गोलरी में नाकाबंदी के दौरान डंपर संख्या RJ07GD0086 को रुकवाकर जांच की गई। डंपर में करीब 40 टन मुर्रम भरी हुई थी। चालक से खनिज परिवहन से संबंधित वैध रवाना, रॉयल्टी और अन्य दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा अन्य लोगों के साथ मिलकर सूरजड़ा गांव की रोही से अवैध खनन, भराई और परिवहन किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अवैध खनन से जुड़े अन्य आरोपियों और कथित सिंडिकेट की भूमिका की जांच कर रही है।
कार्रवाई में गजनेर थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार, उप निरीक्षक राकेश कुमार, हैड कांस्टेबल हरवीर सिंह और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
ये कार्रवाइयां बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गईं।
















