
बीकानेर, 22 अगस्त। शिवबाड़ी के लालेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार को बेसकीमती सोने, हीरे, माणक व मोती आदि गहनों का श्रृंगार किया गया। सुबह करीब साढ़े छह बजे से रात नौ बजे तक रहे श्रृंगार के दर्शन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किए। मंदिर के पास मेला लगा था।
लालेश्वर महादेव मंदिर के अधिष्ठाता विमर्शानंद गिरि ने बताया कि अतिरिक्त कलक्टर नगर, देव स्थान के सहायक आयुक्त, तहसीलदार तथा पुलिस के अधिकारियों सहित जाब्ते के साथ कोष कार्यालय से स्वर्ण आभूषण लाए गए तथा वापस पूर्ण सुरक्षा के साथ ले जाए गए। पुलिस का जाब्ता दिनभर आभूषणों की सुरक्षा के लिए तैनात रहा।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं ने लालेश्वर महादेव के निज मंदिर के चारों और भगवान शिव के विभिन्न नाम व रूपों के मंदिर, डूंगरेश्वर महादेव तथा लक्ष्मीनाथ मंदिर में भी दर्शन किए। पूजा, श्रृंगार व भोग तथा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मानव प्रबोधन प्रन्यास शिवमठ शिवबाड़ी की ओर से प्रकाशित साहित्य की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रन्यास के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न व्यवस्थाओं में भागीदारी निभाई।
संगीतमय भागवत कथा 28 अगस्त से
स्वामी विमर्शानंद गिरि ने बताया कि मानव प्रबोधन प्रन्यास के तत्वावधान में 28 अगस्त से 3 सितम्बर तक मंदिर परिसर में संगीत मय भागवत कथा का आयोजन होगा। स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज के कृपांकित शिष्य संवित् स्वामी सच्चिदानंद गिरि महाराज दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक कथा का वाचन विवेचन करेंगे। कथा से एक दिन पूर्व 27 अगस्त को सुबह सवा आठ बजे श्री लालेश्वर महादेव मंदिर से लक्ष्मीनारायण मंदिर होते हुए कलश यात्रा वापस आरंभिक स्थल तक पहुंचेगी। श्रद्धालुओं के बैठने, कथा को सुगमता से श्रवण करने के साथ पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

















