
बिकानेर। जंगलेश्वर महादेव मंदिर में आज पावन पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं महाभिषेक का भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं आस्था के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर 111 जोड़ों ने श्रद्धापूर्वक पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर सामूहिक रूप से भगवान शिव का महाभिषेक किया।
पूजन एवं महाभिषेक का विधि-विधान पंडित भंवर पुरोहित एवं पंडित पंकज महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं सर्वकल्याण की कामना की।
महाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा “हर-हर महादेव” एवं “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से पूरा परिसर शिवमय हो गया।
आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाना तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना, एकता एवं सद्भाव का संदेश देना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी 111 जोड़ों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी बंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।












