रोटरी की जनछवि पर होगा व्यापक मंथन
बीकानेर। रोटरी की जनछवि को मजबूत बनाने, सेवा प्रकल्पों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और समाज की जरूरतों से बेहतर जुड़ाव के उद्देश्य से 27 सितंबर को बीकानेर में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 का पब्लिक इमेज सेमिनार ‘प्रतिष्ठा’ आयोजित होगा। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स की मेजबानी में रिद्धि सिद्धि रिसोर्ट में होने वाले इस आयोजन का नेतृत्व प्रांतपाल ब्रिजमोहन अग्रवाल करेंगे। सेमिनार के लिए राजस्थान रीजन के रोटरी क्लबों से 1500 से अधिक रोटेरियन को आमंत्रित किया गया है। आयोजन में डिस्ट्रिक्ट के पूर्व प्रांतपालों और चुनिंदा वक्ताओं के साथ इंटरैक्टिव सत्र होंगे।
कॉन्फ्रेंस चेयरमैन डॉ. मनोज कुड़ी ने बताया कि ‘प्रतिष्ठा’ में रोटरी की पब्लिक इमेज से जुड़े विषयों पर संवादात्मक चर्चा होगी। पूर्व प्रांतपालों और चुनिंदा वक्ताओं के साथ होने वाले सत्रों में रोटरी की आमजन में छवि, सेवा कार्यों की प्रभावी प्रस्तुति, ऑब्जेक्ट क्लैरिफिकेशन और समाज की जरूरतों से जुड़ने के तरीकों पर विचार किया जाएगा। क्लबों के शीर्ष पदाधिकारियों और सक्रिय रोटेरियन को पब्लिक इमेज निर्माण के व्यावहारिक पक्षों की जानकारी दी जाएगी।
सहायक प्रांतपाल आनंद आचार्य ने बताया कि सेमिनार का फोकस रोटरी के सेवा कार्यों को आमजन की आवश्यकताओं से जोड़ने और उनके प्रभावी संप्रेषण पर रहेगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्लबों की ओर से संचालित विशेष सेवा प्रकल्पों और सेवा संकल्पों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। बैठक में बीकानेर के सभी रोटरी क्लबों से आयोजन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
क्लब अध्यक्ष ईआर विपिन लड्ढा ने बताया कि रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स को आयोजन की मेजबानी की जिम्मेदारी मिली है। आयोजन की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पंजीयन, आयोजन स्थल की व्यवस्था, अतिथि समन्वय और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर क्लब की टीम कार्य कर रही है।
को-चेयरमैन सुनील चमड़िया ने बताया कि बैठक में आयोजन की तैयारियों और गठित समितियों की कार्यप्रगति की जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि बीकानेर के सभी रोटरी क्लबों को आयोजन से जोड़ते हुए समन्वय के साथ जिम्मेदारियां पूरी की जा रही हैं।
पीडीजी अनिल माहेश्वरी, पीडीजी राजेश चूरा और डीजीएन मनीष तापड़िया ने बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर अपने सुझाव दिए। उन्होंने रोटरी की पब्लिक इमेज को सेवा कार्यों से जोड़ने, क्लबों के बीच बेहतर समन्वय बनाने और आयोजन को उपयोगी बनाने पर जोर दिया। बैठक में सहायक प्रांतपाल दिनेश आचार्य और सहायक प्रांतपाल गिरिराज जोशी ने भी सुझाव साझा किए।
रोटरी क्लब बीकानेर के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने, रोटरी क्लब बीकानेर मिडटाउन के सचिव नवरत्न अग्रवाल एवं पूर्व अध्यक्ष घनश्याम रामावत ने, रोटरी क्लब मरुधरा के अध्यक्ष सुधीर भार्गव एवं सचिव राजीव मिड्ढा ने, रोटरी क्लब आद्या की अध्यक्ष शीला सांखला ने तथा रोटरी क्लब अपराइज़ की सचिव पारुल अग्रवाल एवं शिप्रा शंकर ने बैठक में भाग लेकर आयोजन की तैयारियों पर सुझाव दिए।
सह-प्रांतपाल राजेश बवेजा ने बैठक के समापन पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों और क्लब प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया, बैठक का संचालन सहायक प्रांतपाल आनंद आचार्य ने किया।

















