बीकानेर। सीमा जन कल्याण समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से देश की सीमाओं को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रभाव एवं जन-जागरण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में समिति द्वारा इस वर्ष भी देश की सीमाओं पर तैनात वीर सीमा प्रहरियों के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया गया।
समिति के कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति की टोलियां राजस्थान सहित देश की विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर पहुंचकर जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं, ताकि अपने घर-परिवार से दूर रहकर देश की रक्षा करने वाले किसी भी जवान की कलाई रक्षाबंधन के दिन सूनी न रहे।
इसी क्रम में बीकानेर जिले की समस्त सीमा चौकियों पर सीमा जन कल्याण समिति के कार्यकर्ताओं ने बीएसएफ के वीर सीमा प्रहरियों के साथ हर्ष एवं उल्लास से रक्षाबंधन मनाया। बीकानेर स्थित मुख्यालय में भी जिला एवं महानगर स्तर के कार्यकर्ता पहुंचे और बीएसएफ अधिकारियों एवं जवानों के साथ यह पावन पर्व मनाया।
इस अवसर पर समिति के राजस्थान प्रदेश संपर्क प्रमुख श्री सुरेन्द्र राठी, बीकानेर जिला मंत्री श्री संग्राम सिंह राठौड़ (चलकोई), श्री गणेश जी, कार्यकर्ता श्रीमती संगीता जी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
समिति ने कहा कि विषम परिस्थितियों में अपने परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में समर्पित सीमा प्रहरियों का मनोबल बढ़ाना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना समाज का दायित्व है। रक्षा सूत्र का यह पवित्र बंधन सीमा प्रहरी और समाज के बीच आत्मीयता, विश्वास एवं राष्ट्रभाव का प्रतीक है।





















