Bikaner Live

बालिकाओं ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी, 12वीं की छात्रा मोहिता पारीक बनीं एक दिन की थानाधिकारी

राखी पर नापासर पुलिस ने लिया सुरक्षा का वचन, थानाधिकारी कविता पुनिया ने बालिकाओं को दिया भरोसे का संदेश


बीकानेर – नापासर  रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को नापासर पुलिस थाने में “रक्षा का वचन” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं आत्मीयता को मजबूत करने के साथ महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना बढ़ाना था।

पुलिस मुख्यालय जयपुर के अभियान के तहत बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी। पुलिसकर्मियों ने भी महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का भरोसा दिलाया।

बिना डर और झिझक के पुलिस से करें संपर्क

थानाधिकारी कविता पुनिया ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, साइबर सुरक्षा तथा पुलिस की ओर से उपलब्ध सहायता एवं सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं बिना डर एवं झिझक पुलिस से संपर्क करें। पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है।

कार्यक्रम में सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग, इसके दुरुपयोग से होने वाले नुकसान, साइबर अपराधों से बचाव और अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।

12वीं की छात्रा मोहिता बनीं एक दिन की थानाधिकारी

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कक्षा 12वीं की छात्रा मोहिता पारीक को एक दिन की थानाधिकारी बनाना रहा। इस दौरान मोहिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और महिला सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्था से जुड़े सवालों के जवाब दिए। उन्हें बीकानेर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर थानाधिकारी कविता पुनिया, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश कुमार, हेड कांस्टेबल शक्तिसिंह सहित पुलिस थाने का स्टाफ मौजूद रहा।

रक्षाबंधन के अवसर पर नापासर पुलिस थाने में राखी के साथ विश्वास का रिश्ता भी मजबूत हुआ। एक ओर बालिकाओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी, वहीं दूसरी ओर पुलिस ने उनकी सुरक्षा का वचन देकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को नया अर्थ दिया।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!