
ऑपरेशन नीलकंठ: बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,
बीकानेर, 28 अगस्त। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के तहत बीकानेर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई कार्रवाई की हैं। गजनेर पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत स्मैक और अल्प्राजोलम की 300 गोलियां जब्त की हैं। वहीं, 1,730 किलोग्राम डोडा-पोस्त तस्करी के मामले में चार वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। कोलायत पुलिस ने ट्यूबवेल और बिजली संयंत्रों से चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर सात से अधिक वारदातों का खुलासा किया है।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में ये कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा और कोलायत वृत्ताधिकारी जयपाल सिंह ने कार्रवाई की निगरानी की।
पुलिस को देखकर थैला फेंककर भागा संदिग्ध
गजनेर थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार के नेतृत्व में पुलिस टीम 27 अगस्त को गश्त कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर टीम चानी फांटा से चानी लिंक रोड पहुंची। पुलिस के अनुसार, सामने से आ रहा एक संदिग्ध पुलिस को देखकर हाथ में पकड़ा थैला सड़क किनारे फेंककर अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस ने उसका पीछा कर तलाश की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। फेंके गए थैले की तलाशी लेने पर अल्प्राजोलम टैबलेट के 30 पत्तों में कुल 300 गोलियां मिलीं, जिनका वजन 33 ग्राम 60 मिलीग्राम बताया गया है। इसके अतिरिक्त 14.56 ग्राम स्मैक भी बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। मामले की अग्रिम जांच कोलायत थानाधिकारी जसवीर सिंह कर रहे हैं।
चार साल से फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार
गजनेर पुलिस ने जुलाई 2022 में दर्ज 1,730 किलोग्राम डोडा-पोस्त तस्करी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी भभूताराम पुत्र हड़मानाराम विश्नोई, निवासी हंसादेश, लोहावट, जिला फलोदी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2022 को कोडमदेसर फांटा पर नाकाबंदी के दौरान ट्रक संख्या RJ19GB4351 की तलाशी ली गई थी। ट्रक में प्लास्टिक के 88 कट्टों में कुल 1,730 किलोग्राम डोडा-पोस्त मिला था। इस मामले में राजेंद्र कुमार विश्नोई को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध चालान पेश किया गया, जबकि भभूताराम सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच लंबित रखी गई थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना और हुलिया बदल रहा था। उसकी तलाश में रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ करने के साथ सैकड़ों मोबाइल नंबरों की निगरानी की गई। इसी दौरान आरोपी को एक अन्य साथी के साथ 714 ग्राम अफीम और आठ लाख रुपये सहित मंडोर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
गजनेर पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त कर 27 अगस्त को इस मामले में गिरफ्तार किया। शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने पर आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया। पुलिस उससे डोडा-पोस्त की खरीद और आपूर्ति नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
ट्यूबवेल और बिजली प्लांटों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कोलायत पुलिस ने ट्यूबवेल तथा बिजली प्लांटों से केबल, तांबे और विद्युत उपकरण चोरी करने के आरोप में हुकमाराम पुत्र बालराम मेघवाल (25) और पनूराम पुत्र मोहनराम मेघवाल (31), दोनों निवासी लाखासर को गिरफ्तार किया है।
गत 25 जुलाई को दर्ज मामले में परिवादी ने बताया था कि रोही लाखासर स्थित खेत से ट्यूबवेल की केबल, पानी की मोटर, ट्रांसफॉर्मर से एलटी लाइन तक के तार और अन्य सामान चोरी हो गया। इसी रात पास के एक अन्य ट्यूबवेल से भी केबल चोरी हुई थी।
कोलायत थानाधिकारी जसवीर कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के गांवों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र की सहायता से दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने लाखासर-सांखला रोड पर डीपी से तांबा, गड़ियाला-ग्रांधी रोड स्थित प्लांट से विद्युत तार, बूजू-बांगड़सर रोड के प्लांट तथा टेचरी क्षेत्र के एक बंद प्लांट से कई बार विद्युत तार चोरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी दिन के समय ट्यूबवेल और प्लांटों की रेकी करते तथा रात में मौका देखकर चोरी को अंजाम देते थे। चोरी का सामान बरामद करने और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच जारी है।
थानों में आयोजित हुआ ‘रक्षा का वचन’ कार्यक्रम
रक्षाबंधन पर नापासर, नयाशहर, गजनेर और पांचू पुलिस थानों में पुलिस मुख्यालय के अभियान के तहत ‘रक्षा का वचन’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं और बालिकाओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें महिला सुरक्षा कानूनों, साइबर सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों, राजकॉप सिटीजन ऐप और पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी दी।
नापासर थाने में कक्षा 12 की छात्रा मोहिता पारीक को एक दिन की थानाधिकारी बनाकर पुलिस कार्यप्रणाली का अनुभव करवाया गया। छात्रा ने महिला सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्था से जुड़े सवालों के जवाब देने के साथ ऑपरेशन नीलकंठ की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम के दौरान नापासर थानाधिकारी कविता पूनिया सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
















